तालिबान का पुलिस मुख्यालय पर हमला

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2015 (18:35 IST)
काबुल। उत्तर अफगानिस्तान के संकटग्रस्त कुंदुज शहर में सोमवार को रातोंरात तालिबान ने पुलिस मुख्यालय पर हमला किया, जिससे शहर में दोबारा संघर्ष शुरू हो गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि खाने-पीने की चीजें और दूसरी आपात सहायताएं शहर में नहीं जा पा रहीं।
 
संघर्ष और चेतावनियों से प्रशासन के सामरिक रूप से महत्वपूर्ण शहर पर कमजोर नियंत्रण का पता चल रहा है। तालिबान ने हाल में शहर पर कब्जा कर लिया था, जिससे राष्ट्रपति अशरफ गनी को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। बाद में, अफगान बलों ने शहर पर दोबारा नियंत्रण स्थापित कर लिया।
 
शहर पर तालिबान के खतरों को लेकर पूर्व में चेतावनियों की अनदेखी करने के लिए अफगान सरकार की आलोचना की जा रही है।
 
शनिवार तड़के शहर के एक अस्पताल पर अमेरिकी हवाई हमले में कम से कम 22 लोग मारे गए थे। अस्पताल अंतरराष्ट्रीय मानवीय चिकित्सा संगठन ‘डॉक्टर्स विदाउट बॉडर्स’ का है। इस हमले से उन परिस्थतियों को लेकर कई सवाल खड़े हुए जिनके कारण एक प्रतिष्ठित मेडिकल चैरिटी को निशाना बनाया गया।
 
तालिबान ने पिछले हफ्ते तीन दिन तक कुंदुज पर कब्जा बनाए रखा। सरकारी बलों ने गुरूवार को एक जवाबी अभियान शुरू किया। तब से विद्रोहियों को अधिकतर इलाकों से खदेड़ दिया गया लेकिन बाहरी इलाकों में अब भी झड़पें हो रही हैं।
 
प्रांतीय पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता सरवर हुसैनी ने कहा कि रातों रात कई आतंकी शहर के मध्य हिस्से में दोबारा घुस आए और कुंदुज पुलिस मुख्यालय एवं दूसरी सरकारी इमारतों पर हमला किया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें