नाभा जेल से आतंकियों और गैंगस्टर के फरार होने की कहानी...

रविवार, 27 नवंबर 2016 (14:41 IST)
पटियाला। पुलिस की वर्दी में आए सशस्त्र लोगों के एक समूह ने आज यहां नाभा जेल पर हमला किया और वे खालिस्तान लिबरेशन फ्रंट के सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू सहित छह कैदियों को छुड़ाकर ले गए। जेल से फरार होने वालों में एक गैंगस्टर और दो आतंकी शामिल है। बदमाशों ने इस पूरी घटना को बेहद फिल्मी तरीके से अंजाम दिया। 
 
चार बदमाश पुलिस की वर्दी में जेल में दाखिल हुए। इसके बाद फायरिंग करते हुए अपने साथियों को भगा कर ले गए। पांच की संख्या में हथियारबंद हमलावरों ने जेल पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने पूरी साजिश रच रखी थी, चार हमलावर पुलिस की वर्दी में थे और एक को हथकड़ी लगा रखी थी ताकि किसी को शक नहीं हुआ।

जेल में घुसते ही हमलावरों ने जेल में मौजूद कर्मचारी को कब्जे में ले लिया और फायरिंग करने लगे। फरार होने वालों में दो आतंकी हैं, एक का नाम हरमिंदर मिंटू है और दूसरे का कश्मीर सिंह। इसके अलावा चार बदमाश भी फायरिंग की आड़ में फरार हो गए हैं, फरार होने वाले दूसरे बदमाशों के नाम विकी गोंडर, गुरप्रीत सेखों विक्रमजीत, नीटा देओल हैं।
 
पंजाब की सबसे सुरक्षित जेल : नाभा जेल को बेहद हाई सिक्योरिटी जेल माना जाता है। इस जेल के बारे में कहा जाता है कि ये पंजाब कि बाकी सभी जेलों में सबसे सुरक्षित जेल है। इस बीच जेल पुलिस के जवाबी फायरिंग ना करने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नाभा जेल प्रशासन का कहना है कि उन्हें लगा कि शायद यह पुलिस की गाड़ी है जो कैदियों को पेशी पर ले जाने के लिए आई है। 
 
पुलिस की लापरवाही, गई लड़की की जान: पंजाब की सुरक्षित जेल मानी जानी वाली नाभा जेल से फरार आतंकियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है लेकिन आतंकियों की तलाश में जुटी पुलिस की फायरिंग में एक लड़की की मौत हो गई है। पटियाला के समाना में पुलिस ने नाकेबंदी कर रखी थी। इस नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर को रोकने की कोशिश की। जब कार नहीं रुकी तो पुलिस ने इस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें एक लड़की मौत हो गई। इसके साथ ही कार में बैठे एक व्यक्ति और बाइक पर आ रहे व्यक्ति को भी गोली लगी है।
 
कौन है हरमिंदर सिंह मिंटू :  हरमिंदर सिंह मिंटू खालिस्तान लिब्रेशन फ्रंट का प्रमुख है। दो साल पहले पंजाब पुलिस ने उसे मलेशिया से बड़ी तरतीब के तहत गिरफ्तार किया था। तब पुलिस ने दावा किया था कि पाकिस्तान के जरिए किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से आ रहा था। इसी दौरान पंजाब पुलिस ने इसे मलेशिया पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया था।
 
 
कौन है विकी गोंडर:  विकी गोंडर एक कु्ख्यात गैंगस्टर है जो मुक्तसर का रहने वाला है। उसने कपूरथला में हाईवे पर पुलिस कस्टडी में एक दूसरे गैंगस्टर सुख्खा कांलवा की सरेआम हत्या कर दी थी। उसने हत्या करने के बाद सड़क पर भांगड़ा भी किया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें