तिहाड़ जेल में संघर्ष, कैदी की मौत

बुधवार, 7 अक्टूबर 2015 (22:40 IST)
नई दिल्ली। उच्च सुरक्षा वाली तिहाड़ जेल में दो गुटों के बीच झड़प हो जाने से एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
 
तिहाड़ के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक मुकेश प्रसाद ने बताया कि झड़प के दौरान घायल हुए विचाराधीन कैदी अनिल को जेल अस्पताल में ले जाया गया जहां पता चला कि उसे अंदरूनी जख्म है। उसे तुरंत दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया जहां उसने शाम में दम तोड़ दिया।
 
प्रसाद के अनुसार अन्य कैदी ईश्वर को भी दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया जहां उसका ऑपरेशन चल रहा है। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया था।
 
प्रसाद ने बताया कि तिहाड़ के जेल नंबर एक के तीन कैदियों- ईश्वर, विजय और शदाब को इलाज के लिए जेल औषधालय ले जाया गया गया था। करीब दो बजे उन्हें उनके वार्ड में ले जाया जा रहा था, उसी दौरान आरओ संयंत्र के पास अनिल, वासु और संदीप ने उन पर हमला कर दिया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें