शनि मंदिर के चबूतरे तक पत्नी के साथ गए थे पूर्व मंत्री

शनिवार, 6 फ़रवरी 2016 (07:59 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिला स्थित शनि शिंगणापुर मंदिर में लैंगिक भेदभाव के खिलाफ आंदोलन के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री बालासाहेब विखे पाटिल ने दावा किया कि वह अपनी पत्नी के साथ मंदिर के चबूतरे तक गए थे।
 
विखे पाटिल की टिप्पणी ऐसे दिन आई है जब अहमदनगर जिला प्रशासन ने कहा है कि इसने मंदिर के चबूतरे पर महिला श्रद्धालुओं के पहुंचने पर सदियों पुराने प्रतिबंध पर चर्चा करने के लिए प्रदर्शनकारियों और मंदिर प्रशासन को आमंत्रित किया है।
 
विखे ने शिरडी में कहा कि महिलाओं को चबूतरे तक मुक्त रूप से जाने देना चाहिए। मैंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के इस बयान का स्वागत किया है कि महिलाओं को पूजा अर्चना की इजाजत दी जानी चाहिए। असल में जब मेरी शादी हुई थी तब मैं अपनी पत्नी और पिता के साथ मंदिर के चबूतरे तक गया था।
 
उन्होंने कहा कि सभी उम्रदराज लोग इसे जानते हैं। वे अपनी बेटियों और पुत्रवधुओं को अपने साथ (चबूतरे तक) ले गए हैं। अब, कुछ नया आ गया है जो सही नहीं है। दरअसल, यह विवाद गलत है।
 
गौरतलब है कि 26 जनवरी को मुख्य रूप से पुणे की रहने वाली कम से कम 400 महिला स्वयंसेवियों भूमाता ब्रिगेड की तृप्ति देसाई के नेतृत्व में चबूतरे तक पहुंचने की नाकाम कोशिश की थी जब पुलिस ने मार्च कर रहे लोगों को मंदिर से 70 किलोमीटर दूर सुपा गांव में रोक दिया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें