Maharashtra news : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक टैक्सी चालक और चार यातायात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी ने 56 वर्षीय महिला की जान बचा ली, जो अटल सेतु से अरब सागर में गिरने वाली थी।
दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले पुल पर नाटकीय ढंग से महिला को बचाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हो रहा है। शुक्रवार को रात करीब सात बजे मुलुंड निवासी रीमा मुकेश पटेल एक टैक्सी से अटल सेतु पहुंची और न्हावा शेवा की ओर गाड़ी रुकवाई। वह पुल के किनारे की रेलिंग पर बैठ गई।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में टैक्सी चालक को महिला के बगल में खड़े हुए देखा जा सकता है। इसके बाद पुलिस का एक गश्ती वाहन वहां रुकता है। पुलिस को देखकर महिला हड़बड़ा जाती है और अचानक समुद्र में गिरने लगती है।
महिला ने कहा है कि वह पुलिस को नजदीक आता देखकर हड़बड़ाहट में संतुलन खो बैठी। न्हावा शेवा पुलिस मामले की जांच कर रही है।