राखी पर योगी का महिलाओं को तोहफा, मुफ्त कर सकेंगी यात्रा

अवनीश कुमार

शुक्रवार, 4 अगस्त 2017 (08:41 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने महिलाओं को बहनों को अपने भाइयों तक पहुंचाने के लिए रक्षाबंधन वाले दिन के लिए परिवहन की बसों में मुफ्त सफर करने की व्यवस्था की है।
 
इस व्यवस्था के अनुसार रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही महिलाओं को बस में मुफ्त सफर करने का लाभ मिलेगा।
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रक्षाबंधन में मुफ्त सफर करने की घोषणा की। निगम की साधारण किराए वाली बसों के साथ ही स्कैनिया और वॉल्वो जैसी अनुबंधित बसों में भी महिलाओं को टिकट नहीं खरीदना पड़ेगा।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को यह सुविधा  छह अगस्त की रात 12 बजे से सात अगस्त की रात 12 बजे के बीच मिलेगी।
 
रक्षाबंधन के दिन यात्रा के लिए जिन महिलाओं ने परिवहन निगम की बसों में एडवांस बुकिंग करा रखी है उन्हें यात्रा के बाद काउंटरों से उनके टिकट का पैसा वापस करने की भी व्यवस्था की जा रही है।

वेबदुनिया पर पढ़ें