सुल्तानपुर। उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक महिला को उसके पड़ोसी ने बंधक बनाकर कथित रूप से दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बल्दीराय थानाक्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात हुई। पुलिस ने बताया कि महिला किसी तरह खुद को छुड़ाकर अपने घर पहुंची और पति को आप बीती सुनाई। पति की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय महिला अपने घर के बाहर बैठी थी। तभी पड़ोस का सियाराम पासी उसके पास पहुंचा और महिला को किसी काम के बहाने बुलाकर अपने घर ले गया। वहां उसने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ कथित दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि महिला के विरोध करने पर सियाराम ने उसे जान से मारने की धमकी दी। देर रात महिला किसी तरह बंधन छुड़ाकर अपने घर पहुंची और पति को पूरी बात बताई। पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित महिला को चिकित्सकीय जांच के लिए महिला अस्पताल भेजा गया है। (भाषा)