भारत ने लंबे समय बाद आकर्षक हॉकी खेली : हागुड

सोमवार, 8 अगस्त 2016 (12:31 IST)
रियो डि जेनेरियो। जापान के खिलाफ ओलंपिक महिला हॉकी के पहले मैच में ड्रॉ खेलने से खुश भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच नील हागुड ने कहा कि उनकी टीम ने दबाव के बावजूद लंबे समय बाद सबसे आकर्षक प्रदर्शन किया।

 
 
हागुड ने 2-2 से ड्रॉ के बाद कहा कि यदि हम सब कुछ सही करें तब भी हम सबसे आकर्षक शैली की हॉकी नहीं देख रहे हैं, जैसा कि कभी हम देखा करते थे। हम अपनी सीमाओं में खेलते हैं और मुझे लगता है कि आज हमने संभवत: लंबे समय में बेहद आकर्षक खेल का प्रदर्शन किया। 
 
हागुड ने कहा कि 36 साल बाद ओलंपिक में भाग ले रही भारतीय महिला टीम थोड़ा नर्वस थी। उन्होंने कहा कि पहले हाफ में हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। हम वास्तव में नर्वस थे। हम गेंद पर अच्छी तरह से नियंत्रण नहीं रख पा रहे थे और वे (जापान) 2-0 से बढ़त बनाने का हकदार थे। 
 
हागुड ने कहा कि दूसरे हाफ में हमने वह खेल दिखाया जिसके बारे में मैं जानता हूं कि हम ऐसा खेल सकते हैं। ओलंपिक खेलों में 36 वर्षों के बाद उन्होंने पहला अंक हासिल किया है और इसलिए आपको खुश होना चाहिए। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें