व्हाइट हाउस ने जताया अंदेशा, यूक्रेन में रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है रूस

गुरुवार, 10 मार्च 2022 (09:00 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने आगाह किया है कि रूस, यूक्रेन में रासायनिक या जैविक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। इससे पहले रूस ने आरोप लगाया था कि यूक्रेन में अवैध रासायनिक हथियार बनाए जा रहे हैं जिसे व्हाइट हाउस ने खारिज किया था।

ALSO READ: क्या थमेगा युद्ध? युद्ध के बीच रूस का बड़ा बयान, कहा- यूक्रेन सरकार को हटाना हमारा उद्देश्य नहीं
 
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने इस सप्ताह यूक्रेन पर अपने क्षेत्र में अमेरिका के समर्थन से रासायनिक एवं जैविक हथियार प्रयोगशालाएं चलाने का आरोप लगाया था। हालांकि अपने आरोप के पक्ष में उन्होंने कोई सबूत मुहैया नहीं कराए थे।
 
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी के रूस के इन आरोपों को 'बेतुका' बताते कहा कि रूस यूक्रेन के खिलाफ सामूहिक विनाश के इस प्रकार के हथियार संभवत: स्वयं इस्तेमाल करने का आधार बनाने के लिए यह आरोप लगा रहा है।
 
साकी ने बुधवार को ट्वीट किया कि यह यूक्रेन पर पूर्व नियोजित, अकारण और अनुचित हमले को सही ठहराने की कोशिश करने के लिए रूस की एक स्पष्ट चाल है। पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने बुधवार को रूस के दावे को मूर्खतापूर्ण करार दिया। एक रूसी पत्रकार द्वारा इन दावों के बारे में सवाल किए जाने पर संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि इस समय इन रिपोर्ट या इस प्रकार की प्रयोगशालाओं संबंधी इन आरोपों की पुष्टि करने वाली कोई सूचना नहीं है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी