दोहा एशियाड के हीरो थे जसपाल राणा

गुरुवार, 11 नवंबर 2010 (15:42 IST)
दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा कतर की राजधानी दोहा में हुए 2006 एशियाई खेलों में भारत के हीरो थे लेकिन इस स्टार निशानेबाज को इन खेलों के अंतिम पड़ाव पर शर्मिन्दगी का भी सामना करना पड़ा था।

जसपाल ने निशानेबाजी में तीन स्वर्ण और एक रजत जीता और वह 2006 एशियाड के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में थे। भारतीय ओलिंपिक संघ ने इस निशानेबाज को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने की घोषणा की और वह पुरस्कार लेने भारत से वापस दोहा भी लौटे लेकिन यह पुरस्कार कोरिया के तैराक तेई ह्वान पार्क को मिला जिन्होंने तीन स्वर्ण और एक रजत के अलावा तीन कांस्य पदक भी जीते।

आईओए ने बाद में माफी माँगी कि कतर खेलों की आयोजन समिति की सूचना को लेकर उसे गलतफहमी हुई और जसपाल सिर्फ इस पुरस्कार के दावेदारों में शामिल थे।

जसपाल ने भारत को 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल की व्यक्तिगत स्पर्धा के अलावा 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल की व्यक्तिगत और पेयर्स दोनों स्पर्धाओं में सोने का तमगा दिलाया। वह इसके अलावा 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल पेयर्स में रजत पदक जीतने में भी सफल रहे।

भारत के लिए इसके अलावा स्टार टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने और शतरंज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी ने भी दो-दो स्वर्ण पदक जीते जिसकी बदौलत भारत 10 स्वर्ण, 17 रजत और 26 पदक सहित 53 पदक जीतकर आठवें स्थान पर रहा।

पेस ने महेश भूपति के साथ मिलकर पुरुष युगल जबकि सानिया मिर्जा के साथ मिलकर मिश्रित युगल का खिताब जीता जबकि हम्पी ने महिला शतरंज के रैपिड वर्ग में सोने के तमगे के अलावा मिश्रित टीम में के. शशिकिरण और पी हरिकृष्णा के साथ मिलकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय एथलीटों ने हालाँकि निराश किया और ट्रैक एंड फील्ड में केवल सती गीता, मनजीत कौर, के चित्रा और पिंकी प्रमाणिक की चार गुणा चार सौ महिला रिले टीम ही स्वर्ण पदक जीत सकी।

भारत की कबड्डी टीम इन खेलों में लगातार पांचवीं बार स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही जबकि पंकज आडवाणी ने बिलियर्डस एकल में देश को स्वर्ण पदक दिलाया।

बुसान एशियाड में सुनीता रानी के डोपिंग में फँसने के बाद भारत को चार साल बाद दोहा में भी शर्मिन्दगी झेलनी पड़ी जब 800 मीटर ही महिला स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली शांति सौंदराजन लिंग परीक्षण में विफल हो गईं। इसके बाद उनसे पदक छीन लिया गया।

दोहा में चीन एशियाई खेलों के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 166 स्वर्ण, 87 रजत और 63 काँस्य के साथ पहले स्थान पर रहा। कोरिया उससे काफी पीछे 58 स्वर्ण, 53 रजत और 82 काँस्य के साथ कुल 193 पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा जबकि जापान ने 50 स्वर्ण, 71 रजत और 77 काँस्य के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

दोहा में एक से 15 दिसंबर तक हुए इन खेलों में 45 देशों के 6474 पुरुष और 3046 महिला खिलाड़ियों ने 39 खेलों की 424 स्पर्धाओं में शिरकत की। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें