दीपिका, सौरव ने पक्के किए पदक

रविवार, 21 सितम्बर 2014 (14:38 IST)
इंचियोन। दीपिका पल्लीकल ने एशियाई खेलों के महिला एकल स्क्वाश में भारत का पहला पदक पक्का कर लिया जबकि शीर्ष वरीयता प्राप्त सौरव घोषाल पुरुष एकल में लगातार तीसरी बार पदक सुनिश्चित किया। इन दोनों ने अपने अपने वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
 
घोषाल ने करीब 58 मिनट तक चले मुकाबले में पाकिस्तान के इकबाल नसीर को 11-6, 9-11, 11-2, 11-9 से हराया। वहीं दीपिका ने अपनी हमवतन जोशना चिनप्पा को 7-11, 11-9, 11-8, 15-17, 11-9 से मात दी।
 
एशिया के नंबर एक खिलाड़ी घोषाल ने मुकाबले में शुरू ही से दबाव बना लिया था। दूसरा गेम हारने के बाद उसने तीसरा गेम सिर्फ आठ मिनट में जीता। नासिर ने चौथे गेम में वापसी की कोशिश की लेकिन घोषाल ने लय नहीं गंवाई। जीत के बाद उसने ट्वीट किया, 'मैच 3-1 से जीता। दमदार प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन जरूरी था।' 
 
भारत ने अभी तक एशियाई खेलों में 1998 में शामिल हुए स्क्वाश में चार पदक (सभी कांस्य) जीते हैं। इनमें से दो घोषाल को मिले हैं जबकि बाकी महिला और पुरुष टीम वर्ग के हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें