नयन चटर्जी ने पूरा किया 'ग्रैंड डबल'

सोमवार, 1 अगस्त 2016 (17:34 IST)
कोयंबटूर। नयन चटर्जी ने कारी मोटर स्पीड वे में रफ्तार और संघर्ष के बीच किस्मत का पूरा फायदा उठाते हुए जेके टायर एएफएमएससीआई नेशनल रेसिंग चैंपियनशिप में यूरो जेके 16 वर्ग में जीत के साथ 'ग्रैंड डबल' पूरा कर लिया।
            
दूसरी तरफ रिकी डोनिसन दुर्भाग्यशाली रहे कि उनके लिए सब कुछ गलत ही हुआ। वे शनिवार की रेस में भी टॉप पर थे और रविवार को भी लेकिन उन्हें जंप स्टार्ट की वजह से टॉप पोजीशन खोनी पड़ी। उन्हें दस सेकंड की पेनल्टी लगी और वे दोनों रेस में छठे और तीसरे नंबर पर फिसल गए।
         
इस वर्ग की रेस तीन में नयन किस्मत वाले रहे। जबरदस्त संघर्ष के बाद उन्होंने पहला स्थान पाया। नयन, रिकी और कृष्णराज के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। आठवें लैप में रिकी ने आगे निकलने में कामयाबी पाई। हालांकि उनकी खुशी जल्दी ही खत्म हो गई, जब उन्हें एक गलती का दोषी पाया गया और इसके लिए सजा दी गई। 
            
यूरो जेके वर्ग की आखिरी रेस में नयन को भाग्य के सहारे की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने आराम से चेकर्ड फ्लैग को पार कर लिया। रेस में उन्होंने सबसे तेज तीन लैप पूरे किए। इसकी वजह से कुश मैनी और रिकी डोनिसन पीछे छूट गए। 
 
रेस के बाद नयन ने कहा, मैं दोनों रेस में पहला स्थान पाने पर बहुत खुश हूं। यह किसी भी तरह से आसान नहीं था, क्योंकि टक्कर बहुत कड़ी थी। नयन ने 15:46:852 मिनट का समय लिया। शनिवार को कुश मैनी ने रेस वन 14:45.354 मिनट में पूरी की थी। रेस चार में विजेता का समय करीब एक मिनट ज्यादा रहा।
                     
एलजीबी फॉर्मूला फोर की भी यही कहानी रही। रोहित खन्ना ने 20:29.629 मिनट का समय लेते हुए रेस तीन जीती जबकि पहली रेस में विष्णु प्रसाद ने 18:20.004 मिनट का समय लिया था। एलजीबी की दूसरी रेस में डार्क डॉन के अश्विन सुंदर और मेको रेसिंग के विष्णु प्रसाद और सुदर्शन राव करवल के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। 
 
पोल लीडर विष्णु आखिर में अश्विन से पिछड़ गए। अश्विन ने तीसरे स्थान से शुरुआत की। उन्होंने 21:33.105 मिनट में रेस जीती। पांचवें लैप में उनका समय महज 1:12.546 मिनट रहा। जेंटलमेंस कप वर्ग में रेड रूस्टर के आशीष रामास्वामी आसानी से जीत गए और उन्होंने ग्रैंड डबल पूरा किया। 
 
शनिवार को उन्होंने पहली रेस जीती थी। रविवार को भी उन्हें कोई चुनौती नहीं दे पाया। शनिवार को दूसरे स्थान पर आए सी राजाराम रेस पूरी नहीं कर पाए। उन्हें अपना दूसरा स्थान विद्याप्रकाश दामोदरन को देना पड़ा, जो शनिवार को तीसरे स्थान पर थे। इस प्रदर्शन से वे चैंपियनशिप तालिका में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें