इंडिया गेट पर विशाल स्क्रीन पर दिखेगा 'ओलंपिक'

मंगलवार, 2 अगस्त 2016 (23:08 IST)
नई दिल्ली। रियो ओलंपिक के शुरु होने में चंद दिन ही शेष हैं और पूरी दुनिया एक बार फिर खेलों के महाआयोजन के रंग में डूबने को तैयार है। भारतीय खेल मंत्रालय ने भी एक शानदार पहल करते हुए रियो में अपने चहेते खिलाड़ियों के खेल को करीब से देखने के लिए  इंडिया गेट तथा राजधानी की कई जगहों पर विशाल स्क्रीन लगाने की घोषणा की है।  
             
खेलों के महाकुंभ का आयोजन ब्राजीलियाई शहर रियो डी जेनेरो में पांच से 21 अगस्त तक होना है। केंद्रीय खेलमंत्री विजय गोयल ने रियो के लिए  यहां हैदराबाद हाउस के पास इंडिया गेट के लॉन पर भारतीय ओलंपिक खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देने के लिए  'वाल ऑफ विशेज' का मंगलवार को शुभारंभ किया और घोषणा की कि इंडिया गेट और कई अन्य जगहों पर विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी जहां खेलप्रेमी ओलंपिक का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। 
           
इस अवसर पर ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज एमसी मैरीकाम भी मौजूद थीं। गोयल और मैरीकाम ने इस शुभकामना वाल पर अपने हस्ताक्षर करते हुए  खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। खेलमंत्री ने रियो में उतरने वाले भारतीय दल को शुभकामना देने के लिए  डिजिटल अभियान की भी शुरुआत की जिसमें लोग भारतीय खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दे सकेंगे।
           
खेलमंत्री ने इस अवसर पर लोगों से खासकर युवाओं से भारी मात्रा में इंडिया गेट पहुंचने और शुभकामना वाल पर हस्ताक्षर करने की अपील की। उन्होंने कहा, देश के नागरिकों को अपने चहेते खिलाड़ियों को शुभकामना देने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में आगे आना चाहिए  और डिजिटल अभियान से जुड़ना चाहिए। 
             
उन्होंने बताया कि कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में पांच अगस्त को खेल मंत्रालय एक प्रदर्शनी लगाएगा जहां लोग ओलंपिक इतिहास के बारे में जान सकेंगे। यहां पर ओलंपियनों के कटआउट लगाए  जाएंगे जिनके साथ लोग सेल्फी भी खींच सकेंगे। इसका उद्देश्य लोगों में ओलंपिक खेलों के प्रति दिलचस्पी और जागरूकता पैदा करना है। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें