दिल्ली में अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के प्रति जागरूकता पैदा करने के मकसद से दुनियाभर में धूम रही क्वींस बैटन रिले 22 सितम्बर को राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी। जहाँ इसकी समारोहपूर्वक अगवानी की जाएगी। प्रदेश में 25 सितम्बर तक रुकने वाली इस बैटन रिले के स्वागत की तैयारियाँ जोरों से चल रही हैं।
राजस्थान के खेल एवं युवा मामलों के विभाग के सचिव रोहित कुमार सिंह ने आज यहाँ यह जानकारी देते हुए बताया कि क्वींस बेटन को 22 सितम्बर को भरतपुर में सुबह 8 बजे रिसीव किया जाएगा। जहाँ से यह बैटन दौसा होते हुए दोपहर जयपुर पहुँचेगी। इसे दोपहर साढ़े तीन बजे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने सिविल लाइन्स स्थित निवास से रवाना करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, ओलम्पियन, अर्जुन पुरस्कार विजेता, पद्मश्री, द्रोणाचार्य पुरस्कार और महाराणा प्राप्त पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों के अलावा गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।
इसके बाद यह बैटन रिले शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरेगी। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर ख्याति प्राप्त अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ी एक के बाद एक इसे लेकर दौडेंगे। इस दौरान जगह-जगह इसका स्वागत भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में इस बैटन रिले के सफर को यादगार एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए जोरशोर से इसकी तैयारियाँ की जा रही हैं।
सचिव ने बताया कि 23 सितम्बर को सुबह यह बैटन रिले अजमेर होते हुए जोधपुर के लिए रवाना होगी और शाम को जोधपुर में इसे शहर के विभिन्न हिस्सों में घुमाया जाएगा। तत्पश्चात् 24 सितम्बर को सुबह जैसलमेर के लिए रवाना होगी तथा दोपहर को वहाँ पहुँचने के बाद इसे शाम को सम स्थित रेतीले धोरों पर ऊँटों पर भी घुमाया जाएगा।
पच्चीस सितम्बर को सुबह यह बीकानेर के लिए रवाना होगी तथा शाम को इसे बीकानेर में घुमाया जाएगा। छब्बीस सितम्बर को सुबह यह बैटन बीकानेर से हिसार (हरियाणा) के लिए रवाना हो जाएगी। जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर व बीकानेर में बैटन रिले में भाग लेने वालों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा और प्रदेश के विभिन्न अंचलों की कला व संस्कृति से रूबरू करवाया जाएगा। (वार्ता)