भारत और न्यूजीलैंड का मैच 2-2 से ड्रॉ

गुरुवार, 9 अप्रैल 2009 (23:35 IST)
कप्तान संदीपसिंह के दो गोल के दम पर बढ़त बनाने के बावजूद भारत को अजलन शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम समय में गोल खाने के कारण 2-2 से मैच ड्रॉ होने से एक अंक से संतोष करना पड़ा।

रिचर्ड पैट्रिक ने आठवें मिनट में गोल कर कीवी टीम को बढ़त दिला दी, लेकिन संदीप ने 27वें मिनट में बराबरी हासिल करने के बाद 48वें मिनट में दूसरा गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया, लेकिन न्यूजीलैंड के जोसेफ बार्थ होलोमेउ ने 63वें मिनट में गोल कर टीम को बराबरी दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

मलेशिया अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहा है। न्यूजीलैंड की टीम रविवार को होने वाले फाइनल में स्थान बनाने के लिए भारत की मुख्य प्रतिद्वंद्वी बनी हुई है। अगर संदीप की टीम आज जीत दर्ज कर लेती तो उनका पलड़ा भारी होता लेकिन अंतिम समय में भारतीय टीम संभल नहीं सकी, जिससे उन्हें आज एक अंक ही मिलेगा।

भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के पाँच-पांच अंक हैं। हालाँकि टूर्नामेंट में गोल औसत के हिसाब से भारतीय टीम आगे है।

मलेशिया के खिलाफ कल 3-0 से जीत दर्ज करने से आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम को रिचर्ड पैट्रिक ने आठवें मिनट में गोल कर शुरुआती झटका दिया।

भारत ने जल्द ही संभलते हुए अपने कप्तान संदीप की बदौलत 27वें मिनट में सफलता हासिल की, जिससे मध्यांतर तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा।

संदीप ने दूसरे हाफ में दबदबा बनाते हुए गोल दागा लेकिन अंतिम समय में गोल खाने की भारतीय टीम की आदत में कोई सुधार नहीं दिखाई दिया।

डिफेंस अंतिम समय में चरमरा गया और इससे कीवी टीम ने फायदा उठाया। जोसेफ बार्थ होलोमेउ ने गोल दागकर 2-2 से बराबरी सुनिश्चित की। कल एक दिन का विश्राम होगा। इसके बाद भारतीय टीम अपना अंतिम लीग मैच शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी जबकि न्यूजीलैंड का सामना इसी दिन मलेशिया से होगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें