बिग बॉस 11... कौन बनेगा विजेता?

भारत के लोकप्रिय रियलिटी शो में से एक बिग बॉस का सीजन 11 समाप्ति की ओर है। हालांकि इस बार यह सीज़न पहले जैसी सफलता हासिल नहीं कर पाया। 14 जनवरी को पता चल जाएगा कि सीजन 11 का ताज किसके सिर पर जाता है। 
 
फाइनल में तीन सेलिब्रिटीज़ हिना खान, शिल्पा शिंदे और विकास गुप्ता हैं। विकास को सेलिब्रिटी इसलिए कहा जाता है क्योंकि वे एक टीवी चैनल के हेड रह चुके हैं और निर्माता भी हैं। हालांकि इस शो के पहले उन्हें बहुत कम लोग ही जानते थे। 
 
इनके साथ एक कॉमनर पुनीश शर्मा भी फाइनल में पहुंचे हैं। आइए चर्चा करते हैं कि किस खिलाड़ी के खिताब जीतने का अवसर उजले हैं। 
 
हिना खान 
हिना खान छोटे परदे की लोकप्रिय सितारा हैं। बिग बॉस सीजन 11 में कदम रखते ही पता चल गया था कि वे फाइनल तक पहुंचेंगी। हिना खान शो की विवादास्पद खिलाड़ियों में से एक रहीं। ज्यादातर हाउसमेट्स से उनकी कभी नहीं बनी। पुनीश, बंदगी, आकाश, अर्शी खान, शिल्पा शिंदे को उन्होंने कभी पसंद नहीं किया। अपनी पसंदगी और नापसंदगी को जाहिर करने में उन्होंने कभी भी संकोच नहीं किया। वे स्पष्टवादी रहीं और इसलिए उनका सभी से पंगा होता रहा। लव त्यागी और प्रियांक शर्मा उनके खास दोस्त रहे। हालांकि उनसे भी हिना लड़ती रही। विकास गुप्ता और शिल्पा को हमेशा तगड़ा प्रतिद्वंद्वी माना और उन्हें पीछे छोड़ने में हिना हमेशा जुटी रहीं। विकास गुप्ता के साथ उनकी दोस्ती हाल ही में हुई है। शायद दोनों शिल्पा के खिलाफ हैं, इसलिए साथ हैं। हिना को अपनी बात पर अड़े रहना बखूबी आता है और किसी भी हालात से जूझना जानती हैं। यही कारण है कि बेहद पॉपुलर हैं। शिल्पा के बाद वे बिग बॉस सीजन 11 का खिताब जीतने की सबसे तगड़ी दावेदार हैं। 

विकास गुप्ता 
बिग बॉस के घर में जब विकास गुप्ता ने कदम रखा था तब उन्हें कोई भी नहीं जानता था। शिल्पा शिंदे से उनका एक शो लेकर विवाद हुआ था। विकास का परिचय यह कह कर ही कराया गया था कि शिल्पा की जिनसे लड़ाई हुई थी वो यही शख्स है। विकास ने धीरे-धीरे अपनी छवि निखारी। वे 'मास्टरमाइंड' कहलाने लगे। कई बार शो उनके हिसाब से ही खेला जाने लगा। शुरुआत में विकास और शिल्पा का खूब झगड़ा हुआ, लेकिन धीरे-धीरे विकास ने इस दरार को पाट दिया। विकास दिमाग से खेलते हैं और दिमाग का संतुलन बनाए रखते हैं। उनके विचार सुलझे हुए हैं। यही कारण है कि वे शो में लगातार टिके रहे और फाइनल तक आ पहुंचे। विकास ने भी हमेशा शिल्पा और हिना को तगड़ा प्रतिद्वंद्वी माना। यही कारण है कि हिना से उनकी नहीं बनी। शो में दो गुट बने। एक हिना का और दूसरा विकास का। बाद में शिल्पा का अपना गुट बन गया। भले ही लोग हिना या शिल्पा में से किसी एक को शो जीतने का दावेदार मान रहे हों, लेकिन विकास की अनदेखी नहीं की जा सकती है। वे सरप्राइज दे सकते हैं। 

पुनीश शर्मा 
पुनीश शर्मा ने एक आम आदमी की हैसियत से शो में हिस्सा लिया। उनकी नीति यही रही कि दूसरों के कंधों पर सवार रहो। बंदगी से प्रेम करने का लाभ उनको मिला। इस कारण उन्हें अच्छे-खासे फुटेज मिले और उनकी लोकप्रियता बढ़ गई। हितेन और शिल्पा शिंदे के साथ वे हमेशा खड़े रहे और इसका उन्हें फायदा हुआ। शिल्पा शिंदे बेहद पॉपुलर हैं और उनके साथ रहने से पुनीश को भी अच्छे खासे वोट मिलने लगे। बंदगी के शो से हटने के बाद पुनीश में काफी निखार आया और वे अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। आकाश से उनकी दोस्ती-दुश्मनी खासी चर्चित रही। वे अंतिम मुकाबले में हैं और किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं है। वे शो जीत कर कई लोगों के मुगालते भी साफ करने की ताकत रखते हैं। 

शिल्पा शिंदे 
इस शो का शिल्पा शिंदे सबसे पॉपुलर चेहरा है। 'भाबीजी घर पे है' नामक धारावाहिक के जरिये उन्होंने अपार लोकप्रियता हासिल की। शिल्पा और विकास का बिग बॉस के घर में आने के पहले काफी झगड़ा हुआ था। इसका फायदा उठाने के लिए दोनों को शो में लाया गया और फायदा हुआ भी। दोनों ही फाइनल में हैं। शिल्पा ने विकास के साथ शो में भी खूब झगड़ा किया। उनका मिजाज शो दर शो बदलता रहा। कभी उनका ममतामयी चेहरा सामने आया तो कभी विकास को तंग करने वाली खौफनाक महिला वे लगी। कब रोना है, कब हंसना है, कब कैमरे से बात करनी है, वे यह बात अच्छी तरह जानती हैं। उन्होंने किचन संभाला और घरवालों को खूब खाना खिलाया। किचन संभालने की उनकी अदा दर्शकों को खूब पसंद आई। इसी कारण वे सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं। घर वाले भी उनकी लोकप्रियता से खौफ खाए बैठे हैं। यही कारण है कि एक-दूजे को नापसंद करने वाले हिना और विकास भी इस समय शिल्पा के खिलाफ साथ हो गए हैं। बिग बॉस ने एक बार शॉपिंग मॉल में वोटिंग कराई और सबसे ज्यादा वोट शिल्पा को ही मिले। लिहाजा माना जा रहा है कि शिल्पा ही विनर हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी