1.2 अरब लोगों को तंबाकू सेवन की लत, लेकिन इतने लोगों ने छोड़ दी, महिलाएं सबसे आगे

UN

बुधवार, 8 अक्टूबर 2025 (16:15 IST)
दुनिया में धूम्रपान के सेवन में वैसे तो कमी आई है, लेकिन तंबाकू सेवन की लत की महामारी अब भी ख़त्म होती नज़र नहीं आ रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की हालिया रिपोर्ट कुछ ऐसे ही चिन्ताजनक आंकड़े दिखाती है, जिनके अनुसार, दुनियाभर में, हर पांच में से एक वयस्क तंबाकू का सेवन करते हैं, जिससे हर साल लाखों लोगों की मृत्यु हो जाती है, जबकि इन मौतों को टाला जा सकता है।
 
हालांकि ये एक अच्छी ख़बर है कि तंबाकू का सेवन करने वालों की संख्या, वर्ष 2000 में 1 अरब 38 करोड़ से घटकर वर्ष 2024 में लगभग एक अरब 20 करोड़ हो गई है। वर्ष 2010 के बाद तंबाकू सेवन करने वाले लोगों की संख्या में, 12 करोड़ की कमी आई है, जो 27 प्रतिशत तक की गिरावट है। 
 
विश्व स्वास्थ्य संगठन- WHO के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेब्रेयेसस ने कहा है, लाखों लोग तंबाकू सेवन छोड़ रहे हैं, लेकिन तंबाकू उद्योग, नए निकोटीन उत्पादों से युवाओं को आकर्षित कर रहा है। सरकारों को तंबाकू नियंत्रण नीतियां तेज़ी से और प्रभावी ढंग से लागू करनी होंगी।
 
ई-सिगरेट एक नई चुनौती 
WHO ने पहली बार वैश्विक स्तर पर ई-सिगरेट के सेवन का अनुमान प्रस्तुत किया है, और परिणाम चिन्ताजनक हैं। इस समय दुनियाभर में, 10 करोड़ से अधिक लोग वेपिंग के ज़रिए धूम्रपान कर रहे हैं। इसमें वयस्कों की संख्या क़रीब 8 करोड़ 60 लाख है, जो मुख्य रूप से उच्च-आय वाले देशों में रहते हैं।
ALSO READ: म्यांमार: बाढ़, युद्ध और विस्थापन से गहराया मानवीय संकट
वहीं किशोरों में भी यह चिन्ता की बात है क्योंकि 13 से 15 वर्ष की उम्र के लगभग 1 करोड़ 50 लाख किशोर, पहले से ही ई-सिगरेट का सेवन कर रहे हैं। तंबाकू उद्योग लगातार नए उत्पाद और तकनीकें बाज़ार में ला रहा है, जैसे ई-सिगरेट, निकोटीन पाउच, गर्म तंबाकू। ये उत्पाद, इनका सेवन करने वाले हर आयु के लोगों के स्वास्थ्य को नुक़सान पहुंचाते हैं।
 
WHO के स्वास्थ्य निर्धारक, प्रचार और रोकथाम विभाग के निदेशक एटिएन क्रुग कहते हैं, ई-सिगरेट नई निकोटीन लत बढ़ा रही हैं। इन्हें ‘हानि कम करने वाले’ के रूप में पेश किया जाता है, लेकिन यह बच्चों को पहले ही निकोटीन की लत में फंसा देता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार तंबाकू सेवन व धूम्रपान से हर साल लगभग 80 लाख लोगों की मौत हो जाती है। 
 
महिलाएं तंबाकू छोड़ने में पुरुषों से आगे
वर्ष 2000–2024 के बीच सभी आयु समूहों में तंबाकू सेवन कम हुआ है, लेकिन महिलाओं की संख्या पुरुषों की अपेक्षा बेहतर रही है। महिलाओं ने 2025 का वैश्विक लक्ष्य पांच साल पहले ही हासिल कर लिया, जबकि पुरुषों के लिए यह लक्ष्य वर्ष 2031 तक पूरा होने के अनुमान हैं। 
ALSO READ: ग़ाज़ा: भोजन की आस में इंतज़ार के दौरान लगभग 1,400 फ़लस्तीनियों की मौत
आज, दुनियाभर में तंबाकू का सेवन करने वाले, हर पांचवें में से चौथा व्यक्ति, पुरुष हैं। लगभग 1 अरब पुरुष अब भी तंबाकू का सेवन कर रहे हैं।
 
क्षेत्र के अनुसार हालात
दक्षिण-पूर्व एशिया : कभी दुनिया का सबसे प्रभावित क्षेत्र था। यहां पुरुषों में तंबाकू सेवन, वर्ष 2000 में 70 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2024 में 37 प्रतिशत पहुंच गया। वैश्विक गिरावट का आधा हिस्सा अकेले इस क्षेत्र में है।
 
अफ़्रीका : 2024 में 9।5 प्रतिशत के साथ तंबाकू का चलन सबसे कम रहा, जो 30 फ़ीसदी के लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में है। जनसंख्या बढ़ने के कारण, तंबाकू सेवन करने वाले लोगों की कुल संख्या भी बढ़ी है।
 
अमेरिका : 36 फ़ीसदी की स्पष्ट कमी दर्ज की गई, हालांकि कई देशों के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।
 
योरप : अब सबसे अधिक प्रचलन वाला क्षेत्र है।  2024 में वयस्कों में सेवन 24.1 प्रतिशत दर्ज किया गया। योरोपीय महिलाओं में 17.4 फ़ीसदी के साथ, यह विश्व में सबसे अधिक है।
 
पश्चिमी प्रशांत : सबसे धीमी प्रगति रही। 2024 में वयस्क सेवन, 22.9 प्रतिशत (2010 में 25.8 प्रतिशत), महिलाओं में 2.5 फ़ीसदी, पुरुषों में 43.3 प्रतिशत है। यह सभी क्षेत्रों में सबसे अधिक है। WHO ने मोहक स्वाद वाले तंबाकू व निकोटीन उत्पादों पर पाबन्दी लगाने की पैरवी की है।
 
ज़रूरी कदम
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) सभी देशों की सरकारों से तंबाकू नियंत्रण के प्रयासों को तेज़ करने का आग्रह कर रहा है। इसके लिए MPOWER पैकेज और WHO तंबाकू नियंत्रण ढांचे को पूरी तरह लागू करना और ई-सिगरेट जैसे नए उत्पादों को नियंत्रित करना ज़रूरी है।
 
साथ ही तंबाकू पर कर (Tax) बढ़ाना, विज्ञापन बंद करना और नशा छोड़ने में मदद करने की सेवाओं का विस्तार करना भी आवश्यक है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी