कांग्रेस की पूर्वांचल से शुरू होगी 'प्रतिज्ञा रैली', प्रियंका गांधी लेंगी जनता से 7 वचन निभाने का संकल्प

अवनीश कुमार

शुक्रवार, 8 अक्टूबर 2021 (16:20 IST)
वाराणसी। उत्तरप्रदेश में होने वाले 2022 विधानसभा चुनाव को मात्र कुछ ही महीने बाकी रह गए हैं जिसको लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं तो वहीं इस बार कांग्रेस भी उत्तरप्रदेश के अंदर कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
 
2022 की तैयारियां उत्तरप्रदेश में शुरू कर दी गई है जिसके चलते कांग्रेस द्वारा प्रतिज्ञा रैली/ 'हम वचन निभाएंगे' के नाम से एक बस यात्रा निकाली जाएगी, जो कि बनारस, अयोध्या, सहारनपुर, आगरा और झांसी जैसे उत्तरप्रदेश के 5 अलग-अलग हिस्सों से निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत वाराणसी से करने जा रही है।
 
प्रतिज्ञा रैली/ 'हम वचन निभाएंगे' की शुरुआत 10 अक्टूबर को वाराणसी में जगतपुर स्थित इंटर कॉलेज में प्रियंका गांधी करेंगी। इस दौरान आम लोगों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगी और रैली में 7 वचनों के साथ चुनावी शंखनाद करेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी बाबा श्री काशी विश्वनाथ, मां कूष्मांडा, बाबा कालभैरव दरबार का दर्शन भी करेंगी।
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय ने बताया कि 10 अक्टूबर को प्रियंका गांधी बाबा विश्वनाथ और दुर्गाकुंड स्थित कूष्मांडा देवी के दर्शन करेंगी और इसके बाद वे रैली में जनता को संबोधित करेंगी। उन्होंने बताया कि इस रैली में प्रियंका गांधी जनता को 7 वचन देंगी और सरकार बनने के बाद सबसे पहले इन सभी 7 वचनों को निभाएंगी। उन्होंने बताया कि अब ये 7 वचन क्या हैं, इसका खुलासा रैली वाले दिन ही खुद प्रियंका गांधी करेंगी। गौरतलब है कि लखीमपुर में हुए कांड में योगी सरकार जमकर हल्ला बोलने के बाद प्रियंका गांधी पूर्वांचल से ही 2022 विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही हैं जिसको लेकर कार्यकर्ता व वरिष्ठ नेताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी