सपा और कांग्रेस के विधायकों ने दी भाजपा को 'राहत'

बुधवार, 12 जनवरी 2022 (14:09 IST)
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की सरकार से स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के अगले ही दिन भगवा दल ने बुधवार को सपा के तीन बार के विधायक और फिरोजाबाद जिले के कद्दावर नेता हरिओम यादव को पार्टी में शामिल करा लिया। हालांकि भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने आज भाजपा छोड़कर रालोद का दामन थाम लिया।
 
हरिओम यादव को सपा के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का बेहद करीबी माना जाता है। वह वर्तमान में सिरसागंज के विधायक हैं। उन्हें पिछले साल फरवरी में पार्टी विरोधी गतिविधियों के वजह से छह साल के लिए सपा से निष्कासित कर दिया गया था।
 
राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा के साथ ही राज्य इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में हरिओम यादव ने भाजपा का दामन थामा। इस अवसर पर सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा से कांग्रेस के मौजूदा विधायक नरेश सैनी भी भाजपा में शामिल हो गए।
 
सहारनपुर के पूर्व सांसद इमरान मसूद के सपा में जाने की घोषणा के बाद से चर्चा थी कि नरेश सैनी उनकी राह पकड़ सकते हैं। हालांकि उन्होंने तब इसे अफवाह बताते हुए कहा था कि वह ना तो सपा में और ना ही भाजपा में शामिल होंगे।
 
हरिओम यादव और नरेश सैनी के अलावा आगरा जिले की एत्मादपुर विधानसभा सीट से सपा के पूर्व विधायक धर्मपाल यादव ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। तीनों नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि समाज के गरीब और वंचित वर्ग के लिए भाजपा द्वारा किए जा रहे कामों से प्रभावित होकर यह नेता पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इनके आने से पार्टी का कद बढ़ेगा। 
 
उल्लेखनीय कि पिछले 24 घंटे में 5 बड़े नेताओं ने यूपी में भाजपा का साथ छोड़ा है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने पहले इस्तीफा दिया। इसके बाद बांदा के तिंदवारी विधानसभा सीट से विधायक ब्रजेश प्रजापति, तिलहर सीट से विधायक रोशनलाल वर्मा और बिल्हौर के विधायक भगवती प्रसाद सागर ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी