UP Election 2022: सपा सरकार में मंत्री रह चुके शारदा प्रताप शुक्ला हुए BJP में शामिल

शनिवार, 5 फ़रवरी 2022 (23:29 IST)
लखनऊ। उत्‍तरप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला समेत कई नेताओं ने शनिवार को समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
 
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने शनिवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। दुबे ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष यहां पार्टी कार्यालय में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
 
उन्होंने कहा कि शुक्ला के साथ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के उन्नाव जिलाध्यक्ष व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतीश कुमार शुक्ला सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाजपा का दामन थाम लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह व भाजपा नेता राजेश्वर सिंह भी उपस्थित रहे।
 
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान की आत्मनिर्भरता से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने सुरक्षित एवं खुशहाल प्रदेश बनाने के लिए काम किया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी