मुनव्‍वर राणा की बेटी उरूसा को नोटा से कम वोट, नतीजों से पहले मशहूर शायर की बिगड़ी तबीयत

गुरुवार, 10 मार्च 2022 (17:49 IST)
पिछले दिनों सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर मशहूर शायर मुनव्‍वर राणा काफी विवादों में रहे। कई मुद्दों पर वे सरकार से टकराते नजर आए। उन्‍होंने यहां तक कह दिया था कि अगर योगी आदित्‍यनाथ दोबार मुख्‍यमंत्री बनते हैं तो वे उत्‍तर प्रदेश छोड देंगे।

अब यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान शायर मुनव्वर राना को दोहरा आघात लगा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा जहां लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है, वहीं मुनव्वर राना की तबीयत परिणाम घोषित होने से पहले खराब हो गई। इतना ही नहीं उनकी पुत्री उन्नाव के पुरवा से कांग्रेस की प्रत्याशी उरूसा तो पांचवें स्थान पर हैं, उनको नोटा से भी कम वोट मिल रहे हैं।

शाम 4 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक उरूसा को नोटा से भी कम वोट मिले हैं। पुरवा से भाजपा के अनिल कुमार सिंह सबसे आगे हैं। दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी के उदय राज हैं। उरूसा राना को दोपहर एक बजे तक सिर्फ 1028 वोट ही मिले हैं। यहां पर 1328 वोट नोटा के खाने में पड़े हैं। ऐसे में उरूसा पुरवा सीट से पांचवें नंबर पर बनी हुई हैं।

योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश का दोबारा मुख्यमंत्री बनने की स्थिति में यूपी छोड़ देने की घोषणा करने वाले मुनव्वर राना की बेटी की सीट का भी हाल काफी बुरा है। कांग्रेस की ओर से उन्नाव की पुरवा सीट से उम्मीदवार उरूसा को शिकस्त मिल रही है।

इससे पहले शायर मुनव्वर राना ने कहा था कि योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बने तो यूपी छोड़ दूंगा। उन्होंने घोषणा की थी कि वह लखनऊ से दिल्ली या फिर कोलकाता चले जाएंगे। अब नतीजे आने से पहले मुनव्वर राना की तबीयत खराब हो गई है। मुनव्वर राना बीमार पड़ गए हैं।

कहा जा रहा है कि मुनव्वर राना ने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। उनकी तीन दिन से तबीयत खराब है और वह घर पर ही रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। मशहूर शायर मुनव्वर राना ने कहा था कि 5 वर्ष में तो हम बच गए, मगर अगले पांच वर्ष में योगी आदित्यनाथ आ गए तो हम जिंदा नहीं बचेंगे। मरना तो वैसे ही है लेकिन बे-मौत नहीं मरना चाहता हूं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी