मैनपुरी में डिंपल यादव को चुनौती देंगे भाजपा के शाक्य

मंगलवार, 15 नवंबर 2022 (12:18 IST)
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी सीट पर मुलायम सिंह यादव की बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव का मुकाबला भाजपा के रघुराज शिंह शाक्य से होगा। 
 
उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव के खिलाफ भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को उतारा है। यह सीट मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई है।

वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां का गढ़ माने जाने वाले रामपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने एक बार फिर आकाश सक्सेना पर भरोसा जताया है। आकाश ने आजम खां के खिलाफ इसी सीट से 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
 
आजम खां को अक्टूबर में 2019 के अभद्र भाषण मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद रामपुर सदर सीट के विधायक के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
 
इसी तरह, मुजफ्फरनगर जिले की खतौली विधानसभा सीट पर भाजपा ने विक्रम सिंह सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। विक्रम सिंह सैनी को 2013 के मुजफ्फरनगर दंगा मामले में एक अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद हाल ही में विधायक पद के अयोग्य घोषित किया गया था।
 
राजस्थान के सरदार शहर में भाजपा ने अशोक कुमार पिंचा को टिकट दिया है। वहीं बिहार के कुरहानी से केदार प्रसाद गुप्ता पार्टी के उम्मीदवार होंगे। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर से ब्रह्मानंद नेताम चुनाव मैदान में हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी