प्रयागराज: गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाहर आने लगे दफनाए शव, 100 से ज्यादा लाशों का किया अंतिम संस्कार

शुक्रवार, 25 जून 2021 (12:37 IST)
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा में पानी बढ़ जाने से नदी में कटान होने लगी है और बड़ी तादाद में वहां दफनाए गए शव गंगा में तैरने लगे हैं। ऐसे 100 से ज्यादा शवों का नगर निगम ने अंतिम संस्कार कर दिया है। संदेह है कि यह सभी शव कोरोना मरीजों के हैं।

जैसे-जैसे जल स्तर बढ़ रहा है, रेत के किनारे उखड़ रहे हैं और शव पानी में तैर रहे हैं। पिछले दो दिनों में स्थानीय पत्रकारों के द्वारा प्रयागराज के विभिन्न घाटों पर मोबाइल से खींचे गए वीडियो / तस्वीरों में नगर निगम की टीम को शव बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। बुधवार को लिए गए फोटो में एक शव को नदी के किनारे पर देखा जा सकता है।

भगवा रंग के कफन से बाहर आ रहे इस शव के हाथ में सफेद रंग का सर्जिकल ग्लव्स भी नजर आ रहा है। शव को प्रयागराज म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की टीम ने बाहर निकाला है। एक घाट के वीडियो में टीम के दो सदस्यों को कफन से ढंका शव निकालकर उसे किनारे की रेत पर रखते हुए दिखाया गया है।

प्रयागराज म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के जोनल ऑफिसर नीरज सिंह ने मीडिया को बताया कि वे पिछले 24 घंटों में 40 शवों का अंतिम संस्कार करवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि, ''हम पूरे अनुष्ठानों और विधि-विधान के साथ शवों का अंतिम संस्कार करवा रहे है।‘’

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी