धनुर्धर राम की नगरी अयोध्या में होगी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता

National Archery Competition news: सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में पहली बार सीनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप का 25 नवंबर को अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा शुभारंभ किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का समापन 30 नवंबर को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के द्वारा किया जाएगा।
 
अयोध्या में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पूर्व गृह सचिव अवनीश अवस्थी अयोध्या पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशानिर्देश दिए। अवस्थी ने बताया कि भगवान राम की धरती पर हम लोग राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहे हैं। 
 
उन्होंने कहा कि रामजी से बड़ा कोई तीरंदाज आज तक नहीं हुआ। पूरे देश के तीरंदाज यहां आ रहे हैं, यह सबसे बड़ी बात है। अयोध्या आने के लिए देशभर के तीरंदाज बहुत उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या मे 24 नवंबर को महिला व पुरुष सीनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 1000 से अधिक महिला व पुरुष खिलाडी यहां भाग लेंगे। 
 
उन्होंने बताया कि अयोध्या में होने जा रही तीरंदाजी प्रतियोगिता तीन कैटेगरी की होगी। इस प्रतियोगिता में देशभर से 43 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में 550 पुरुष व 550 महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में भाग लेने खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सेदारी करेंगे। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी