अयोध्या : अब रामलला की जागरण आरती में शामिल हो सकेंगे भक्त

संदीप श्रीवास्तव

गुरुवार, 27 अक्टूबर 2022 (21:41 IST)
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन व आरती की अवधि में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बदलाव किया है। रामलला की जागरण आरती सुबह 6.30 बजे होगी। 30 भक्त जागरण आरती में शामिल हो सकेंगे। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कैंप कार्यालय पर जागरण आरती के लिए भक्तों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद 30 भक्तों को जागरण आरती में प्रवेश दिया जाएगा।
 
रामलला के दर्शन अवधि में भी बढ़ोतरी की गई है। सुबह 7 से 11.30 बजे तक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे। भोग आरती में भी 30 भक्त शामिल हो सकेंगे। दोपहर 12 बजे भोग आरती होगी। रामलला का कपाट दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे पुन: खुलेगा। श्रद्धालु रामलला के दर्शन शाम 7 बजे तक कर सकेंगे। शाम 7.30 बजे भोग आरती होगी। भोग आरती में 60 रामभक्त शामिल हो सकेंगे। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कैंप कार्यालय से प्रवेश पत्र लेना होगा।
 
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट दर्शन अवधि में 29 अक्टूबर से विस्तार शुरू कर रहा है। श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने यह जानकारी दी। पूर्व में रामलला के दर्शन सुबह 7 से 11 और दोपहर 2 से 6 बजे तक ही होते थे। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन के बाद से रामलला के दर्शन अवधि में शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन ऋतु में बदलाव नहीं किया जाता था लेकिन अब स्थायी तौर पर समय अवधि में बढ़ोतरी की गई है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी