रिटायर्ड कर्नल को लगाया 1.8 करोड़ का चूना, ठगों के पास मिला ऐश्वर्या राय का फेक पासपोर्ट

शनिवार, 17 दिसंबर 2022 (08:28 IST)
नोएडा। नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस और साइबर सेल ने दवा कंपनी के नाम पर ठगी करने वाले नाइजीरियाई गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इन्होंने एक सेवानिवृत्त कर्नल से करीब एक करोड़ 80 लाख रुपए ठगे हैं। साथ ही पुलिस ने इस गिरोह के पास से बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन का जाली पासपोर्ट भी बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त (झोन 3) अभिषेक वर्मा ने बताया कि थाना बीटा-2 पुलिस और ग्रेनो साइबर सेल ने 3 नाइजीरियाई नागरिकों ईक उफेरेमुकेवे, एडविन कॉलिंस, व ओकोलोई डेमियन को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये गिरोह ‘एबॉट फार्मास्युटिकल्स’ कंपनी समेत अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर लोगों को निशाना बना रहा था।

गिरोह के सदस्य कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर मंहगे दामों पर जड़ी-बूटियां खरीदने का झांसा देते थे। इसके अलावा गिरोह विवाह संबंधी वेबसाइट और डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को लगातार निशाना बना रहा था। इन्होंने एक सेवानिवृत्त कर्नल को स्तन कैंसर की दवा बनाने के लिए कोलानट खरीदने का झांसा दिया था। इसके बाद एक करोड़ 80 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया।
 
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान पता चला है कि ये गिरोह विवाह संबंधी वेबसाइट और डेटिंग ऐप से कई लोगों को निशाना बना चुका था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे ऐश्वर्या राय के नकली पासपोर्ट का उपयोग किस लिए करना चाह रहे थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी