नेट अभ्यास में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चोटिल

शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2015 (20:07 IST)
पर्थ। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ कल विश्व कप के लीग मैच से पहले आज वाका पर बल्लेबाजी अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए।
धोनी को नेट गेंदबाज का सामना करते हुए हाथ में चोट लगी। उन्होंने चोट पर बर्फ की पट्टी लगाई। टीम के मीडिया मैनेजर डाक्टर आर एन बाबा ने कहा, ‘धोनी एकदम ठीक है और उन्हें कोई दिक्कत नहीं है।’ 
 
बाबा ने एक दिन पहले मोहम्मद शमी की चोट के बारे में भी ऐसा ही कहा था लिहाजा यह देखना होगा कि कल धोनी टास के लिए आते हैं या नहीं।
इस बीच प्रशासनिक मैनेजर अरशद अयूब दो मार्च को चेन्नई में बीसीसीआई की सालाना आम बैठक में भाग लेने के लिये स्वदेश लौटेंगे।
 
अयूब हैदराबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं और निर्वासित अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन धड़े के अहम सदस्य भी हैं। वह छह मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया लौट आएंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें