भारत के खिलाफ गेल दिखा सकते हैं बड़ा खेल

सोमवार, 2 मार्च 2015 (16:28 IST)
भारत का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज से होने जा रहा है। वेस्टइंडीज का विश्वकप का अब तक का सफर मिलाजुला रहा है। विश्वकप में क्रिस गेल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दोहरा शतक लगाकर टीम की दावेदारी को एक जोशीले अंदाज में पेश किया है।

भारत के खिलाफ अपने अगले मैच में वेस्टइंडीज टीम की अपेक्षाएं अपने धुआंधार खिलाड़ी क्रिस गेल से जरूर होंगी। क्रिस गेल अगर अपना कमाल दिखाने में कामयाब हो पाए  तो यह तय है कि वे अपनी टीम को अकेले मैच जीताने का माद्दा रखते हैं। गेल अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 447 छक्के लगा चुके हैं जो किसी भी बल्लेबाज के द्वारा लगाए गए छक्कों से ज्यादा है। 
 
ड्वेन ब्रावो और किरोन पोलार्ड जैसे बड़े खिलाड़ियों के बगैर खेल रही वेस्टइंडीज टीम का प्रदर्शन गेल पर ज्यादा ही निर्भर करता है। चूंकि सैमी और होल्डर ने भी पिछले मैचों में बढ़िया प्रदर्शन किया है, लेकिन अगर भारत जैसी सशक्त टीम को हराना है तो गेल के बल्ले का चलना जरूरी है, वैसे गेल विश्वकप में बढ़िया खेल दिखा रहे हैं ऐसे में अगर वे फिर से जोरदार आक्रमण करते हुए भारतीय टीम की हार का कारण बना जाते हैं तो इसमें कोई हैरत की बात नहीं होगी।

वेस्टइंडीज लीग मैच में पाकिस्तान को हरा चुकी है। ऐसे में गेल समेत टीम के खिलाड़ियों की यही कोशिश होगी कि अच्छा खेल दिखाते हुए पूल बी में अंडर फोर के लिए अपनी पोजीशन पुख्ता की जाए।

 
हालांकि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक अपने गेंदबाजों का विश्व कप में बेहतरीन इस्तेमाल किया है, जिससे यह साफ है कि धोनी के पास गेल को रोकने के लिए पर्याप्त हथियार हैं। ऐसे में दोनों के बीच मुकाबला रोचक होगा, यह तो तय है।         

वेबदुनिया पर पढ़ें