तेंदुलकर के पत्र ने उनके सबसे बड़े फैन को बचाया

सोमवार, 9 मार्च 2015 (14:20 IST)
पर्थ। विश्व कप सह मेजबान देश न्यूजीलैंड के आव्रजन नियम बहुत सख्त हैं और इसके कारण कई  बार पर्यटकों पर भारी जुर्माना भी लग जाता है लेकिन भारतीय टीम प्रशंसक सुधीर गौतम अपने  आइडल सचिन तेंदुलकर के लिखे एक पत्र से यहां बड़ी परेशानी में फंसने से बच गए।
न्यूजीलैंड में पहली बार आने वाले पर्यटकों को आव्रजन नियमों के बारे में सख्त हिदायत दी जाती है  जिसका पालन हर हाल में करना होता है। पर्यटकों को फल, खाद्य सामग्री, मिठाइयां, पानी आदि चीजें  लाने पर जुर्माना तो लगाया जाता ही है, इसके अलावा यदि आपके जूतों में मिट्टी भी लगी पाई  जाती है तो भी आपको भारी जुर्माने से देना पड़ता है।
 
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह को भी एक बार न्यूजीलैंड में जाते समय जूते में मिट्टी लगी  होने के कारण 500 न्यूजीलैंड डॉलर का जुर्माना देना पड़ा था।
 
भारतीय टीम के नंबर वन प्रशंसक कहे जाने वाले और सचिन तेंदुलकर के सबसे बड़े फैन सुधीर  गौतम भी ऐसी ही परेशानी में फंसने से बच गए। एशिया से बाहर पहली बार न्यूजीलैंड में अपनी  टीम का समर्थन करने गए सुधीर जब ऑकलैंड के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे तो उनके पास  अपने शरीर पर लगाने वाले हरे, भगवा और सफेद रंग के पेंट के बड़े-बड़े डिब्बे थे। इसे देखकर वहां  मौजूद अधिकारियों ने सुधीर को पूछताछ के लिए रोक लिया और उन पर कानून का उल्लंघन करने  पर 1,400 न्यूजीलैंड डॉलर (करीब 65 हजार रुपए) का जुर्माना लगाने की बात कही।
 
सुधीर ने कहा कि मैं हैरान हो गया और इतने भारी जुर्माने से डर गया। मैंने उनसे गुजारिश की कि  मेरे पास इतना पैसा नहीं है, मुझे छोड़ दें। मैंने उन्हें बताया कि मैं भारत का क्रिकेट प्रेमी हूं और  ऐसे ही कई देशों में जा चुका हूं, लेकिन अधिकारियों ने मेरी एक नहीं सुनी।
 
अधिकारियों ने कहा कि वे सब समझते हैं लेकिन नियम-कायदे सभी के लिए एक हैं और उनका  उल्लंघन करने पर जुर्माना तो झेलना पड़ेगा, तब मैंने सचिन सर का लिखा पत्र उन्हें दिखाया।
 
सुधीर ने कहा कि जब मैंने अधिकारियों को सचिन सर का लिखा पत्र दिखाया तो उन्होंने मुझे ऊपर  से नीचे तक कई बार देखा तथा जिसके बाद उन्होंने मुझसे कहा कि ‘ओके, जाओ’। इसके बाद मेरी  जान में जान आई और मैंने राहत की सांस ली।
 
उसने बताया कि वह इस पत्र का प्रयोग दूतावास में जब भी करता है तो उसे वीजा मिलने में भी  कोई परेशानी नहीं आती। सुधीर ने कहा कि यह पत्र जादू की तरह काम काम करता है। 'थैंक्स टू  सचिन सर'।
 
अपने सिर के बालों को भारत के नक्शे की तरह कटाए हुए सुधीर विश्व कप में भारतीय टीम का  समर्थन करने के लिए पहली बार एशिया से बाहर न्यूजीलैंड गए हैं। (वार्ता) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें