7 जुलाई 1981 को जन्मे धोनी ने भारतीय क्रिकेटप्रेमियों को कई बार जश्न मनाने के मौके दिए। वे क्रिकेट के तीनों प्रारूपों टी20, वनडे और टेस्ट क्रिकेट में भारत के कप्तान बने। 2007 में राहुल द्रविड़ से उन्होंने टीम इंडिया की कप्तानी का भार लिया और 2007 में भारत को आईसीसी टी20 वर्ल्डकप का चैम्पियन बनवाया।
यही नहीं धोनी की सफल कप्तानी में भारत ने 2007-2008 में सीबी सीरीज, 2010 में एशिया कप, 2011 में आईसीसी वर्ल्डकप और 2013 में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी भी जीती। धोनी को 2008 और 2009 में लगातार दो बार 'आईसीसी वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर' घोषित किया गया। 2007 में उन्हें 'राजीव गांधी खेलरत्न' का पुरस्कार दिया गया जबकि 2009 में 'पद्मश्री' से सम्मानित किया गया।
धोनी का वनडे पदार्पण 23 दिसम्बर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ हुआ, जबकि उन्होंने टेस्ट कैप 2 दिसम्बर 2005 में श्रीलंका के खिलाफ पहनी। धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए, जिसमें 6 शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट में उनका उच्चतम स्कोर 224 रन रहा है।