साल 2022 के 10 most viral video, कोई क्‍यूट था, कोई फनी तो कोई संसेशनल

शुक्रवार, 16 दिसंबर 2022 (19:01 IST)
साल 2022 में 10 ऐसे वीडियो वायरल हुए जिन्‍होंने पूरे देश का दिल जीता। किसी ने खूब हंसाया तो किसी ने जमकर एंटरटेन किया। तो किसी वीडियो को देखकर दिल भर आया। आपके लिए ऐसे ही 10 वीडियो के बारे में हमने जानकारी निकाली है जो इस साल जमकर वायरल हुए।

01. उत्तराखंड के प्रदीप ने जीता देश का दिल
इस लड़के के वीडियो ने पूरे देश के लोगों का दिल जीत लिया। 19 साल के लड़के का नाम प्रदीप मेहरा है। प्रदीप उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला है। वह मैकडोनाल्ड कंपनी में नौकरी करता है। लेकिन उसका सपना भारतीय सेना में जाना है। इसके लिए वो दौड़ लगाता रहा है। एक दिन वह दौड़ते हुए अपने काम से घर जा रहा था। किसी ने प्रदीप का वीडियो बना लिया। उससे कई सवाल भी पूछे। प्रदीप नोएडा में अपने बड़े भाई के साथ रहता है। उसकी मां बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। उसने ये भी कहा कि वह घर जाकर अपने और बड़े भाई के लिए खाना बनाएगा। प्रदीप का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। वीडियो बनाने वाले ने उसे अपने साथ डिनर करने का ऑफर दिया तो प्रदीप ने बताया कि अगर वो उनके साथ डिनर करेगा तो उसका भाई भूखा रह जाएगा। उसका भाई एक कंपनी में नाइट शिफ्ट में काम करता है, इसलिए वो अपने लिए खाना नहीं बना सकता।

02. पाकिस्‍तान की आयशा के मूव्‍स पर दीवाना हुआ भारत
हाल ही पाकिस्‍तानी लड़की आयशा के डांस का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। अब तो हर कोई इसकी रील्‍स बना रहा है। दरअसल, आयशा ने एक शादी के फंक्‍शन में लता मंगेशकर के ‘मेरा दिल ये पुकारे आजा’ गाने पर परफॉर्म किया था। वीडियो आते ही यह वायरल हो गया। भारत में तो लोग आयशा के डांस मूव्‍स के दीवाने हो गए। ग्रीन कलर का लूज कुर्ता और पैंट में आयशा देखते ही देखते भारत और पाकिस्‍तानी में छा गई। कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया में उसके फॉलोअर्स की संख्‍या लाखों में पहुंच गई।

03. श्रीलंकाई सिंगर योहानी ने मचाई दुनिया में धूम
श्रीलंका की सिंगर योहानी ने सिंहला भाषा में एक गाना क्‍या गाया। देखते ही देखते पूरी दुनिया में मशहूर हो गया। जगह जगह योहानी नजर आने लगी। हजारों की संख्‍या में लोगों ने योहानी के गाने पर रील्स और वीडियोज़ बनाई। गाने के बोल समझ नहीं आने के बावजूद पूरी दुनिया में गाना और योहानी दोनों मशहूर हो गए। इस गाने का हिंदी वर्जन अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म Thank God में भी आया। हिंदी वर्जन भी योहानी ने ही गाया है।

04. मुंगफली वाले का काचा बादाम हर मोबाइल में बजा
पश्चिम बंगाल के भुबन बड्याकर पिछले 10 साल से मूंगफली बेच रहे हैं। साइकिल पर मूंगफली बेचते समय वे ‘कच्चा बादाम’ नाम का एक गाना गाया करते थे। किसी ने उनके गाने का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते यह आवाज पूरे देश में गूंजने लगी। गाना इतना वायरल हुआ कि रील्‍स, वीडियो, टिकटॉक की बाढ सी आ गई। बाद में ये डांस चैलेंज के साथ ही एक ग्लोबल संसेशन बन गया है। दिलचस्‍प था कि खुद भुबन को नहीं पता था कि उनका गाना पूरा देश सुन रहा है।

05. ृहिणी ने बस चलाकर बचा ली ड्राइवर की जान
14 जनवरी को ट्विटर पर पुणे का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में योगिता सातव नाम की एक गृहिणी महिला ने जो कारनामा किया उसे पूरे देश ने देखा। दरअसल, योगिता सातव जिस बस में बैठी थी, उसके ड्रायवर की अचानक से तबीयत खराब हो गई। इसके पहले की बस हादसे का शिकार होती योगिता ने चालक की सीट संभाल ली। वो बस को सीधे अस्‍पताल ले गई। इलाज के बाद ड्राइवर की जान बच गई और योगिता की चारों और चर्चा व तारीफ होने लगी।

06. बहुत जगह है, नहीं जगह है
कुछ दिनों तक हर किसी की जुबान पर बस यही था। बहुत जगह है, नहीं जगह है। ये वायरल वीडियो बस में सीट के लिए झगड़ते दो बुजुर्गों का था। ये लड़ाई गंभीर नहीं थी, न मारपीट और न ही गाली गलौच। लेकिन देखने वालों ने खूब मजे लिए। बस में दो बुजुर्ग व्यक्ति एक ही सीट पर बगल-बगल बैठे हैं। सीट भी दो लोगों के लिए ही थी। लेकिन दोनों एक दूसरे से जगह को लेकर झगड़ रहे हैं। एक बुजुर्ग दूसरे से चिल्लाकर कहता है, ‘बहुत जगह है’ दूसरा बुजुर्ग उससे चिल्लाकर कहता है कि ‘नहीं जगह है’ यही सिलसिला देर तक चलता रहा। इसके बाद क्‍या था हर कोई यही कहता नजर आया। बहुत जगह है, नहीं जगह है।

07. टीचर गुस्‍सा गई, छोटे से स्टूडेंट ने ऐसे मनाया
ये एक क्‍यूट सा वीडियो है। जो जमकर वायरल हुआ। एक बच्‍चा बड़े प्यार से अपनी टीचर को सॉरी बोल रहा था। इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा अपनी मैम से कह रहा है कि अब वह शरारत नहीं करेगा, लेकिन मैम भी रूठी हुईं हैं। वह बच्चे से कहती हैं, ‘आप हमेशा कहते हो कि आगे से नहीं करूंगा, लेकिन फिर शरारत करते हो’ जब टीचर नहीं मानती हैं तो बच्चा उनको प्यार से गले लगाता है, फिर उनके गालों पर किस करता है। बच्‍चे की क्‍यूटनेस और मैडम की नाराजगी को देखकर हर कोई पिघल जाता है। यह वीडियो जमकर वायरल हुआ इस साल।

08. बुजुर्गो का इमरान हाशमी
इस साल इंटरनेट पर यह वीडियो बहुत वायरल हुआ है। इस वीडियो में अधेड़ उम्र का एक शख्स सड़क पर तेजी से बाइक भगाता नजर आ रहा है, जबकि पीछे उसकी बेगम बच्चे को गोद में लिए बैठी है। एक तो शख्स द्वारा बुढ़ापे में इतनी तेज बाइक चलाने से लोग हैरत में आ गए उस पर उसका बाइक चलाने का अंदाज भी लोगों को आश्चर्यचकित कर गया। इतना ही नहीं, यह शख्स चलती बाइक पर स्टंट भी करता दिखा जब पीछे बैठी मोहतरमा ने किस किया तो शख्स ने भी चलती बाइक में ही पलटकर किस कर लिया। वीडियो जब वायरल हुआ तो यह शख्स ‘बुजुर्गों का इमरान हाशमी’ के तौर पर देशभर में पॉपुलर हो गया।

09. मिस्टर बीन का मेरा दिल ये पुकारे आजा
पाकिस्तानी गर्ल आयशा का मेरा दिल ये पुकारे आजा… सांग इंटरनेट पर फायर की तरह फैल ही रहा था कि इसी बीच मशहूर कॉमेडियन मिस्‍टर बीन भी इसी गाने पर नाचते हुए नजर आए। मिस्‍टर बीन का ये डांस बहुत लोकप्रिय होकर वायरल हो रहा है। दरअसल, मिस्‍टर बीन का एक पुराना कॉमेडी डांस सीन है। जिसे ‘मेरा दिल ये पुकारे आजा’ गाने को सिंक कर के बहुत मजेदार बना दिया गया है। लोगों को ये बहुत पसंद आ रहा है।

10. इस दूल्हे का वीडियो नहीं देखा तो क्या देखा
आजकल शादी के दौरान दूल्हा-दुल्हन अक्सर डांस परफॉर्मेंस देते नजर आते हैं। कभी दूल्‍हन अचानक मंडप से उठकर नाचते लगती है तो कभी दूल्‍हा दुल्‍हन दोनों साथ में नाचते हैं। एक दूल्हे अपनी ही शादी में इतने कॉमेडी तरीके से नाचा कि पूरे देश में उसका वीडियो वायरल हो गया। दूल्‍हे का ये डांस देख देखकर हर कोई लोटपोट हो गया। आलम यह था कि बाद में कई वीडियो ऐसे आए जिसमें लोगों ने ठीक उस दूल्‍हे की तरह नाचने की कोशिश की।
edited by navin rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी