अफ्रीका से आया था मानव

वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर अब तक यही माना जाता रहा है कि आधुनिक मानव आज से 50 हजार साल पहले अफ्रीका महादेश से अलग-अलग जगहों पर गया।

पर ताजा वैज्ञानिक शोध में इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि आधुनिक मानव का प्रादुर्भाव 50 हजार साल पहले नहीं बल्कि 1.25 लाख वर्ष पहले हुआ था और इस मानव ने अफ्रीका से सीधे अरब प्रायद्वीप पर अपना निवास बनाया न कि जैसे पहले कहा जाता रहा है कि प्रारंभिक मानव अफ्रीका से नील नदी घाटी के सहारे आगे बढ़ता गया।

वैज्ञानिकों ने इस खोज का आधार पाषाण काल के उन परिष्कृत पत्थरों को बनाया है जिनसे प्रारंभिक मानव औजार बनाते थे। पत्थर से बने इन परिष्कृत औजारों की आयु 1.25 लाख वर्ष आँकी गई है। इस खोज से यह साबित होता है कि आधुनिक मानव का उदय हमारी सोच से बहुत पहले हो चुका था।

जर्मनी के यूनिवर्सिटी ऑफ तूबीनजेन में प्रोफेसर हांस पीटर के नेतृत्व में यह खोज की गई है। वैज्ञानिकों को अपने अनुसंधान में जिस तरह के पत्थर संयुक्त अरब अमीरात के पाया में मिले, ठीक उसी तरह के पत्थर अफ्रीका में भी मिले। इसी से यह साबित हुआ कि प्रारंभिक मानव दक्षिण अफ्रीका से सीधे अरब प्रायद्वीप में आए।

शोधकर्ताओं ने लाइट वेस्ड टेकनीक के आधार पर पाया कि जो मानव इस क्षेत्र में पाए गए, उनका मूल स्थान लाल सागर के पार था। इससे पहले के अध्ययन में पाया गया था कि प्रारंभिक मानव ने 60 से 70 हजार साल पहले अफ्रीका से कूच किया था। इस अध्ययन के बाद मानव की उत्पत्ति पर नई बहस को बल मिलने की संभावना है।

वेबदुनिया पर पढ़ें