हाफिज मोहम्मद 26/11 में वांछित

मंगलवार, 2 जून 2009 (20:11 IST)
लाहौर हाईकोर्ट से रिहा किया गया लश्कर-ए-तोइबा का संस्थापक हाफिज मोहम्मद सईद 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के वांछित आरोपियों की सूची में शामिल है।

मुंबई पुलिस द्वारा दायर भारी-भरकम आरोप-पत्र में कहा गया है कि सईद उन 35 लोगों में शामिल है, जिन्होंने हमलों को मदद एवं प्रोत्साहन दिया।

उसने 2007 और 2008 के अंत में आतंकवादियों के लिए पाकिस्तान के मुरीदके (लश्कर मुख्यालय), मानशेरा, मुजफ्फराबाद, अजीजाबाद, पाँचतेनी तथा पाक अधिकृत कश्मीर में सटीक साजिश रची और उन्हें प्रशिक्षण दिया।

ऐसा पहली बार हुआ है कि लश्कर के संस्थापक का नाम मुंबई आतंकी हमलों को अंजाम देने की आपराधिक साजिश रचने में उसकी भूमिका के लिए आरोप-पत्र में शामिल किया गया है।

मुंबई पुलिस द्वारा इस साल फरवरी में दायर किए गए 11280 पृष्ठों के आरोप-पत्र में 59 वर्षीय सईद का नाम देश की वित्तीय राजधानी पर हुए अभूतपूर्व हमले की साजिश रचने में उसकी संदिग्ध भूमिका के कारण पहले वांछित आरोपी के रूप में लिया गया है।

आरोप-पत्र में नाम आने के बाद भारत उसके खिलाफ इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस हासिल करने का प्रयास कर रहा है।

सईद ने 1989 में जफर इकबाल के साथ अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में लश्कर की स्थापना की थी। लश्कर भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस और ऑस्ट्रेलिया में प्रतिबंधित संगठन है। यूरोपीय संघ ने भी संगठन को प्रतिबंधित कर रखा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें