कन्या-व्यक्तित्व
कन्या राशि वालों के संपर्क में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति यही समझता है कि उन्हें केवल उसी में सर्वाधिक रुचि है। कन्या राशि का व्यक्ति अत्यन्त रहस्यमय होता है। कन्या राशि वाले लोग बातें बनाने में कुशल तथा विनोद-प्रिय होते हैं। भूमि तत्व से संबंधित यह राशि सेवा, स्वास्थ्य एवं व्यवसाय आदि से संबंध रखती है। इस राशि के लोग अपनी निश्चित योजना की पूर्ति एवं कार्य करने में सफल रहते हैं। कन्या राशि वाले अपने विचार आदि के बारे में लोगों को विशिष्ट ढंग से परिचित कराते हैं। वह किसी के साथ स्थायी रूप से वचनबद्ध नहीं होते। दयालुता का व्यवहार उन्हें आकर्षित करता है। कन्या राशि का स्वामी बुध है। कन्या राशि के व्यक्ति आलोचक तथा विश्लेषक प्रकृति के होते हैं। उनकी आलोचना रचनात्मक न होकर, नाटकीय होती है। कन्या राशि वाले निरंतर क्रियाशील बने रहते हैं। पूर्णता प्राप्त करने का प्रयत्न करते रहते हैं। कन्या राशि का पुरुष स्वयं को योग्य समझने वाला, प्राप्त धन का श्रम द्वारा मूल्य चुकाने वाला, अपने स्तर को बनाए रखने वाला तथा धोखेबाजी से घृणा करने वाला होता है और सदा अच्छा व्यवहार पसंद करता है। कन्या राशि वाले जातकों में मानसिक गतिशीलता अधिक मिलती है। इनके व्यक्तित्व के दो पक्ष होते हैं। एक वाहक, दूसरा प्रश्न एवं संदेहकर्ता-आंतरिक व्यक्तित्व। कन्या राशि वाले व्यक्ति हर काम मनमाने ढंग से करते हैं, इसीलिए कभी-कभी आलसी या उत्साह रहित भी दिखाई देते हैं। विशेषतः इन्हें अच्छे या बुरे संस्कारों का प्रभाव शीघ्र ही होता देखा जाता है। इन लोगों को स्वाभिमान काफी रहता है। ये किसी ज्ञानी व्यक्ति से गुरु मंत्र भी प्राप्त कर लेते हैं। निश्चय के पक्के होते हैं। जो बात एक बार इनके मन में स्थानपा लेती है, तो उसे पूर्ण किए बिना नहीं छोड़ते हैं। इनमें प्रसिद्धि पाने की गुप्त इच्छा भी पाई जाती है। ये सम्मान तथा उच्च पद को भी पाना चाहते हैं। कन्या राशि के पुरुष प्रतिदान के इच्छुक होते हैं। वे त्याग के बदले त्याग ही चाहते हैं। बच्चों में रुचि वाले, अपने रहस्य को गुप्त रखने वाले तथा कुछ कामुक प्रकृति के होते हैं। इन लोगों का जीवन भीतर-बाहर से भिन्न होता है। यश की कामना, परिचित होने की इच्छा, सदैव आकर्षक मित्रों से घिरे रहने की अभिलाषा तथा कुछ अद्भुत कर दिखाने की लालसा इनमें हमेशा पाई जाती है। ये व्यावहारिक, ईमानदार, निष्पक्ष तथा कुछ शर्मीली प्रकृति के होते हैं। अपने में विश्वास रखने वाली स्त्री की ओर इनका आकर्षण होता है। इन्हें उन्मुक्त प्रेम अच्छा लगता है। कन्या राशि वाले मिलनसार तथा सेवाभावी होते हैं। उनके जीवन में आदतों का भारी महत्व होता है। आदतों से मुक्त हो पाना उनके लिए कठिन हो जाता है। इन्हें निष्क्रियता एवं बिना उद्देश्य भावुकता पसंद नहीं होती। प्रारंभिक आयु में उनका झुकाव नैतिकतावाद की ओर होता है। बाद में वह अपनी इस प्रवृत्ति पर काबू पा लेते हैं। कन्या राशि के लोग अच्छी स्मरण शक्ति वाले होते हैं। ये वस्तुओं के बाहरी रूप-रंग से प्रभावित होकर निर्णय लेते हैं। कन्या राशि वाले स्वच्छता पसंद, सुरुचि वाले तथा रीतियों को मानने वाले होते हैं। बहुसंख्यक व्यवहार को अपनाने में इन्हें कोई विरोध नहीं होता। वह नियमों का पालन सहज रूप से करते हैं। कर्तव्य उनके लिए सर्वोच्च स्थान रखता है। कन्या राशि के लोग सौदेबाजी को पसंद करते हैं। वह किसी वस्तु को कुछ कम मूल्य पर खरीद सकें, तो इन्हें संतोष होता है। ये स्वप्नदृष्टा होने के साथ-साथ क्रियाशील भी होते हैं। इस राशि के लोग वैदेशिक समस्याओं में भी विशेष रुचि रखते हैं। इनके संपर्क के सब लोग उनके द्वारा सहायता एवं सुधार की उपेक्षा कर सकते हैं। कन्या राशि के लोग अपनी मूल समस्याओं का समाधान हो जाने पर दूसरों की बात सुनने का समय भी निकाल लेते हैं। ये जल्दबाज होते हुए भी सावधान होते हैं तथा अपने मस्तिष्क को सदैव खुला रखते हैं। कन्या राशि वालों को पराजित करना कठिन होता है क्योंकि वे अत्यन्त कठिन परिस्थितियों में भी आत्मनियंत्रण नहीं खोते हैं। स्वाभिमानी तथा आदर्शों पर समझौता न करने वाले होते हैं। उन्हें समस्याओंसे भरा जीवन ही प्रिय होता है तथा ये प्रत्येक चुनौती को स्वीकार कर लेते हैं। निर्भीकतापूर्वक ये प्रत्येक समस्या का सामना करते हैं। कन्या राशि वाले बाहर से जितने शांत तथा शीतल प्रतीत होते हैं, अंतर से कठोर उतने ही विपरीत भी हो सकते हैं। कन्या राशि वाले जातक जो चाहते हैं, उसी की आलोचना करते हैं। इन्हें प्रत्येक वस्तु में सुरुचि की आवश्यकता भी होती है। कन्या राशि वालों में हीनता की भावना होती है। वह क्षमाप्रार्थी अथवा आत्मत्यागी होता है एवं स्वस्थ दृष्टि रखकर दूसरों के प्रयासों की सराहना करता है। मूलतः असुरक्षा की भावना कन्या राशि वालों के अंतः और बाह्य पक्ष को सर्वथा विपरीत बनाए रखती है। शारीरिक रूप से उन्हें दुर्बल स्नायुमंडल वाला भी कहा जा सकता है। अपने आंतरिक संघर्ष से मुक्ति पाने के लिए ऐसा प्रयास करते हैं। कन्या राशि वाले कठिनाइयों का स्वागत करते हैं। इनका अपना जीवन दर्शन होता है। ये एक साथ सहभागी तथा त्यागी होते हैं। ये अपना मन खोलने से पूर्व दूसरों को तौल लेते हैं। उन्हें धोखा देना आसान नहीं है। जालसाजों तथा धोखेबाजों को वे एक नजर में पहचान लेते हैं। गुप्तचर विभाग में इस राशि के व्यक्ति सम्मानित पदों पर होते हैं। रहस्यों, उलझनों, कठिनाइयों तथा चुनौतियों को स्वीकार करना और उन पर विजय प्राप्त करना यह कन्या राशि का स्वभाव होता है। आत्मसम्मान कामार्ग ही इनके लिए सुख एवं सफलतादायक होता है। कन्या राशि के अपने जीवन के हर क्षेत्र में हल्कापन नहीं होता है। किसी समस्या के समाधान में अत्यधिक सतर्कता एवं चिंता इन्हें चिंतित और अस्वस्थ बना देती है। जब तक ये सफलता प्राप्त नहीं कर लेते, तब तक इनकी यही दशा बनी रहती है। कन्या राशि वाले बड़े समझदार तथा ज्ञानी होते हैं, परन्तु वे स्वयं उसे किसी पर प्रकट नहीं करते। कन्या राशि वाले व्यक्ति जब किसी पर बिगड़ जाते हैं, तब काफी उग्र रूप धारण कर लेते हैं। किसी-किसी अवस्था में तो घनिष्ठ प्रेम संबंध भी टूटते देखे गए हैं। ये जब तक सीधे रहते हैं, तब तक तो ठीक है, बिगड़ने के बाद इनके समक्ष किसी की भी नहीं चलती है, फिर ये किसी की भी परवाह नहीं करते हैं। घर में किसी एक व्यक्ति पर इनका प्रेम निश्चय ही रहता है।।

राशि फलादेश