भोपाल के नए कलेक्टर होंगे आशीष सिंह, कौशलेंद्र विक्रम सिंह का आदेश हुआ निरस्त

बुधवार, 5 अप्रैल 2023 (22:44 IST)
भोपाल। 2 दिन पहले जारी किया गया कौशलेंद्र सिंह को कलेक्टर बनाने का आदेश निरस्त कर दिया गया है। राज्‍य शासन ने अब आशीष सिंह को भोपाल कलेक्टर बनाया है। भोपाल के नए कलेक्टर आशीष सिंह वर्तमान में मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम में प्रबंध संचालक हैं। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 4 अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं।

खबरों के अनुसार, बुधवार रात जारी भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादला आदेश के अनुसार 2 दिन पहले भोपाल कलेक्टर बनाए गए कौशलेंद्र विक्रम सिंह का आदेश निरस्त कर दिया गया है। अब उनकी जगह पर 2010 बैच के आईएएस आशीष सिंह को भोपाल का नया कलेक्टर बनाया गया है।

भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादला आदेश के अनुसार एस. विश्‍वनाथन को मध्‍य प्रदेश जल निगम भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है। 2009 बैच के आईएएस भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है।

उनके जल निगम भोपाल के प्रबंध संचालक के आदेश को संशोधित कर मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम का प्रबंध संचालक और मध्य प्रदेश राज्य परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। भोपाल के नए कलेक्टर आशीष सिंह वर्तमान में मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम में प्रबंध संचालक हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी