Tejashwi Yadav: राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार की राजनीति का युवा चेहरा तेजस्वी यादव एक बार फिर राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। वे इस सीट से 2 बार चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के साथ दिए हलफनामे में यादव ने अपनी संपत्ति और आपराधिक मामलों का भी ब्योरा दिया है।
कितनी है तेजस्वी की संपत्ति : हलफनामे के मुताबिक यादव की कुल चल-अचल संपत्ति 7.88 करोड़ के लगभग है। यादव के पास 6 करोड़ से अधिक की चल संपत्ति है, जबकि 1.88 करोड़ की अचल संपत्ति है। उन्होंने 4.40 करोड़ के कर्ज की भी जानकारी दी है। उनके पास 1.5 लाख रुपए नकद भी हैं। उनके पास 200 ग्राम सोने के आभूषण भी हैं।
हलफनामे के मुताबिक उनके पीपीएफ खाते में 21 लाख रुपए हैं, एचडीएफसी बैंक के खातों में लगभग 3.8 लाख रुपए और फिक्स डिपॉजिट के रूप में करीब 52 लाख रुपए जमा हैं। 200 ग्राम सोने के आभूषणों की कीमत 17 लाख से ज्यादा है। शेयर के रूप में उन्होंने 4 लाख 88 हजार रुपए का निवेश किया है.तेजस्वी ने दिल्ली पब्लिक स्कूल आरके पुरम, नई दिल्ली से 9वीं तक पढ़ाई की है। वे 9वीं पास हैं। अपनी शिक्षा को लेकर तेजस्वी हमेशा विरोधी दलों के निशाने पर रहे हैं।
तेजस्वी पर 18 आपराधिक मामले : हलफनामे के मुताबिक तेजस्वी यादव पर कुल 18 आपराधिक मामले चल रहे हैं। ये मामले राजनीतिक रैलियों, धरनों, विरोध प्रदर्शनों और विवादित बयानों से जुड़े हैं। 13 अक्टूबर को दिल्ली की अदालत ने आईआरटीसी (IRCTC) होटल और लैंड फॉर जॉब्स घोटाले में तेजस्वी, उनके पिता लालू प्रसाद यादव और माता राबड़ी देवी के खिलाफ आरोप तय किए हैं। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह मामला यादव परिवार की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
तेजस्वी का जन्म 9 नवंबर 1989 को गोपालगंज, बिहार में हुआ। उनके पिता लालू यादव और माता राबड़ी देवी दोनों ही बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। तेजस्वी बिहार के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। 2015 और 2020 में तेजस्वी राघोपुर से विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। अब तीसरी बार भी वे राघोपुर से ही चुनाव मैदान में हैं।