मोटे हीरो-हीरोइन के नाम रहेगा यह शुक्रवार

हीरो एट पैक एब्स बनाते हैं तो हीरोइन जीरो फिगर पर ध्यान देती है। कोशिश यही रहती है कि ‍वे फिल्म में खूबसूरत नजर आएं, लेकिन इस शुक्रवार (27 फरवरी) को रिलीज होने वाली फिल्मों में से दो ऐसी हैं जिसमें हीरो और हीरोइन मोटे हैं।

दम लगा के हईशा की हीरोइन भूमि पेडनेकर ओवर साइज हैं। फिल्म की कहानी ही ऐसी है जिसमें एक इंसान की मोटी महिला से शादी हो जाती है। यह फिल्म यशराज फिल्म्स की है, लेकिन प्रचार का स्तर वैसा नहीं है। न जाने क्यों इस फिल्म के प्रचार में यह बड़ा बैनर कंजूसी कर रहा है। आयुष्मान खुराना की बची-खुची आशा इसी फिल्म पर है क्योंकि उनकी फिल्में इस कदर पिट रही हैं कि निर्माता और वितरक उनके नाम पर बिदकने लगे हैं। 
 
'हे ब्रो' में बॉलीवुड के आधा दर्जन से भी अधिक स्टार्स ने कैमियो निभाया है। फिल्म के हीरो गणेश आचार्य हैं। भारी-भरकम शरीर होने के बावजूद उन्होंने लीड रोल निभाया है। उन्होंने कहानी ही ऐसी चुनी है जिसमें वो खप जाए। फिल्म के एक-दो गाने हिट हो चुके हैं और सिंगल स्क्रीन थिएटर्स से गणेश आचार्य को उम्मीद है। 
 
इन दो फिल्मों के अलावा छ: फिल्में और रिलीज होने वाली हैं। एक ही दिन आठ फिल्में रिलीज होंगी तो नुकसान सभी का होगा, लेकिन फिल्म निर्माता मानते कहां हैं? उनका भी तर्क वाजिब है। साल में 52 शुक्रवार होते हैं और सैकड़ों फिल्में रिलीज होती हैं। इनमें से 'अब तक छप्पन 2' की भी चर्चा है। नाना पाटेकर जैसा कलाकार इससे जुड़ा हुआ है। लगभग एक दशक बाद फिल्म का सीक्वल बनाया गया है। यह फिल्म भी सिंगल स्क्रीन में अच्‍छा प्रदर्शन कर सकती है। प्रचार पर भी अच्‍छा पैसा खर्च किया गया है। 
 
बदमाशियां, मैरिज 1998, ये फिगर है, सेक्स क्लिनिक (डब) जैसी फिल्में भी कुछ जगह रिलीज होंगी। सभी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनकी फिल्म कामयाब होगी। हॉलीवुड फिल्म 'किंग्समैन : द सीक्रेट सर्विस' भी इसी दिन रिलीज हो रही है। इसे हिंदी में भी डब किया गया है। 
 
आठ फिल्में रिलीज हो रही हैं, लेकिन इक्का-दुक्का फिल्मों को छोड़ अधिकांश से सफलता की उम्मीद नहीं है। वैसे भी इन दिनों बॉलीवुड की हालत खराब है। फिल्म सितारे ही भीड़ नहीं जुटा पा रहे हैं तो गुमनाम कलाकारों से अपेक्षा करना फिजूल है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें