बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और जाने-माने उद्योगपति संजय कपूर का 12 जून 2025 को इंग्लैंड में निधन हो गया। वह 53 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि वह "Guards Polo Club" में पोलो का मैच खेल रहे थे, जब अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। उन्होंने तुरंत खेल रुकवाने की बात कही और मैदान से बाहर चले गए। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उनकी मौत की खबर की पुष्टि लेखक और अभिनेता सुहेल सेठ ने की, जिन्होंने 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए दुख जताया- "संजय कपूर के निधन से बेहद दुखी हूं। आज इंग्लैंड में उनका निधन हो गया। यह एक गहरी क्षति है। उनके परिवार और सहयोगियों को मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति।"
संजय कपूर ने 2003 में करिश्मा कपूर से शादी की थी, लेकिन यह शादी ज्यादा समय नहीं चली और 2014 में दोनों का तलाक हो गया। दोनों के दो बच्चे हैं—बेटी समायरा और बेटा कियान। तलाक के बाद सुंजय ने प्रिय सचदेव से विवाह किया था।
करिश्मा और संजय के रिश्ते बेहद कड़वाहट से भरे रहे। करिश्मा ने अपने कटु अनुभव को लेकर संजय पर कई तरह के आरोप लगाए और कहा कि वे संजय के लिए महज ट्रॉफी वाइफ थीं। संजय की मां से भी करिश्मा की नहीं बनी थी। दोनों ने रिश्ते को सुधारने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बन पाई।