स्कूल में शशि थरूर के सीनियर थे ऋषि कपूर, बोले- उनके साथ इंटर क्लास ड्रामा प्रतियोगिता में भाग लिया था

शुक्रवार, 1 मई 2020 (15:42 IST)
महज दो दिनों में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने अपने दो स्टार्स इरफान खान और ऋषि कपूर को खो दिया है जिससे पूरे देश में सेलेब्स से लेकर आम जनता गमजदा हैं। बुधवार को ही ऋषि कपूर को मुंबई के एक अस्पताल में सांस लेने की समस्या के चलते भर्ती करवाया गया था और गुरुवार को वह दुनिया छोड़ कर चले गए। ऋषि कपूर 67 साल के थे।

 
सभी सोशल मीडिया के जरिए इन स्टार्स से जुड़ी अपनी यादें शेयर कर रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अभिनेता से लेकर राजनेता तक ऋषि कपूर और इरफान खान के निधन से शोक में हैं। कांग्रेस के सीनियर नेता शशि थरूर ने अपने ट्वीट के सहारे ऋषि को श्रद्धांजलि दी साथ ही ये भी बताया कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ाई कर चुके हैं। 
 
शशि थरूर ने ट्वीट किया, 'ऋषि कपूर जो मुंबई के कैंपियन स्कूल में मेरे सीनियर थे, के बारे में सुनकर दुखी हूं। उनके साथ इंटर क्लास ड्रामा प्रतियोगिता में भाग लिया था। वह एक अच्छी दुनिया में चले गए हैं। बॉबी के रोमांटिक हीरो से लेकर उनकी आखिरी फिल्मों में एक मंझे हुए कलाकार तक, उन्होंने अभूतपूर्व काम किया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।' 
 
बता दें कि ऋषि कपूर का 30 अप्रैल को मुंबई के सर एच. एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में निधन हो गया है। ऋषि कपूर लंबे समय से कैंसर का इलाज करा रहे थे। ऋषि कपूर के निधन की जानकारी सबसे पहले अमिताभ बच्चन ने अपने ट्वीट में दी थी।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी