Bigg Boss 13 : क्या सिद्धार्थ शुक्ला से झगड़ा कर आसिम अपनी लोकप्रियता बढ़ा रहे हैं?

शनिवार, 8 फ़रवरी 2020 (16:18 IST)
बिग बॉस 13 के फिनाले में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। यह माना जा रहा है कि सिद्धार्थ शुक्ला, आसिम रियाज़, शहनाज़ गिल, रश्मि देसाई में से ही कोई एक विजेता बनेगा। 
 
पारस छाबड़ा का दावा थोड़ा कमजोर नजर आ रहा हो, लेकिन उन्हें भी पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता। ऐसा ही कुछ हाल आरती का भी है। इन सबमें माहिरा शर्मा सबसे कमजोर है और वे कभी भी शो से बाहर हो सकती हैं। 
 
सबसे तगड़े दावेदार हैं सिद्धार्थ शुक्ला और आसिम रियाज़। शो जब शुरू हुआ था तो सिद्धार्थ सबसे मजबूत दावेदार थे। उनसे विवाद कर पारस और रश्मि ने भी अपने आपको मजबूत कर लिया था। मजूबत आदमी से टकराओगे तो आप भी मजबूत ही माने जाओगे। 
 
आसिम उस समय सिद्धार्थ के दोस्त हुआ करते थे, लेकिन चेले ज्यादा नजर आते थे। वे सिद्धार्थ की हां में हां मिलाया करते थे। जब समीकरण बदले तो सिद्धार्थ के दोस्त पारस बन गए और आसिम ने दुश्मनी मोल ले ली। उसके बाद पारस की चमक खो गई और आसिम की लोकप्रियता बढ़ गई। 
 
यही से आसिम को शो में टिके रहने का फॉर्मूला मिल गया। वे लगातार सिद्धार्थ से बेवजह उलझते रहे। सिद्धार्थ को उकसाते रहे। गालियों का आदान-प्रदान करते रहे। इस वजह से वे ज्यादा दिखाई देने लगे और उन्हें भी मजूबत दावेदार माना जाने लगा। तभी से उनकी लोकप्रियता बढ़ गई। 
 
आसिम ने कभी भी दर्शकों को मनोरंजन नहीं दिया। वे सिर्फ झगड़ा करना जानते हैं, लेकिन किससे झगड़ा करने में फायदा है यह बात भी बखूबी जानते हैं और इसी का फायदा लेते हुए वे फाइनल वीक तक आ पहुंचे हैं। 
 
इस समय वे सिद्धार्थ के साथ बराबरी पर खड़े हैं। पिछले कुछ दिनों की बात की जाए तो सिद्धार्थ की लोकप्रियता में कमी आई है और आसिम की लोकप्रियता बढ़ी है। 
 
सिद्धार्थ से विवाद कर सभी को फायदा हुआ है, चाहे रश्मि हो, पारस हो या आसिम। लेकिन यह बात सिर्फ आसिम ही जान पाए हैं और इसीलिए उन्होंने सिद्धार्थ से अपनी लड़ाई को शो के अंत तक खींचा है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी