जापान तट पर खड़े जहाज पर पॉजिटिव पाए गए 16 भारतीय इलाज के बाद घर लौटे : मंत्रालय

गुरुवार, 19 मार्च 2020 (16:54 IST)
नई दिल्ली। जापान तट पर खड़े जहाज में सवार और कोरोना वायरस (Corona virus) से पीड़ित लोगों में शामिल 16 भारतीय नागरिक उसी देश में चिकित्सा संस्थान में इलाज के बाद भारत लौट चुके हैं। सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा को यह जानकारी दी।

राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधर ने सदन को बताया कि डायमंड प्रिंसेज क्रूज पोत पर चालक दल के 132 सदस्यों सहित 138 भारतीय सवार थे। इनमें से 119 भारतीय नागरिकों को एयर इंडिया की विशेष उड़ान से 27 फरवरी 2020 को निकाल लिया गया।

लौटने के बाद उन्हें हरियाणा के मानेसर में भारतीय सैन्य केंद्र में पृथक रखा गया था। मंत्री ने बताया कि 16 भारतीय नागरिकों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। उनका जापान में ही एक चिकित्सा केंद्र में इलाज किया गया।

उपचार पूरा होने के बाद इन सभी को छुट्टी दे दी गई और उपलब्ध सूचना के अनुसार, वे भारत लौट चुके हैं। मुरलीधरन ने बताया कि 3 भारतीय नागरिकों ने वहीं पर रहने का विकल्प चुना और उन्हें जापान तटीय केंद्र में पृथक रखा गया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी