FIFA WC 2018 : विश्व कप के खास मेहमान होंगे फुटबॉलर पेले

Webdunia
शनिवार, 26 मई 2018 (18:13 IST)
14 जून से रूस में होने वाले फुटबॉल के महाकुंभ में दुनिया के महान फुटबॉलर पेले शिरकत करेंगे। स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे ब्राजील के महान फुटबॉलर को चिकित्सकों ने फीफा विश्व कप के लिए रूस की यात्रा करने की अनुमति दे दी है।

 
खबरों के मुताबि‍क 77 वर्षीय पेले की फिजियोथैरेपी की गई है। वे पीठ की समस्या से परेशान थे। वे अभी भी दर्द से जूझ रहे हैं लेकिन पिछले कुछ समय में उनमें काफी सुधार हुआ है। 3 बार के फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन पेले को बचपन में अपना खर्च चलाने के लिए चाय की दुकान पर काम करना पड़ा था। पेले अपनी मेहनत, लगन और खेल से दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में शुमार हुए।
 
फीफा विश्व कप के दौरान आयोजक चाहते हैं कि पेले विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हों। पेले 3 बार विश्व कप का खिताब जीत चुके हैं और उन्होंने अपने करियर में 1,363 मैचों में कुल 1,281 गोल दागे हैं। पेले दुनिया के इकलौते फुटबॉलर हैं जिनके नाम पर 3 बार वर्ल्ड कप जीतने का रिकॉर्ड है। उन्होंने ये उपलब्धि 1958, 1962 और 1970 में हासिल की। 1999 में पेले सदी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख