गुजरात के गांधीनगर में मेश्वो नदी में 8 लोगों की डूबने से मौत

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 13 सितम्बर 2024 (23:08 IST)
8 people drowned in Meshvo river: गुजरात के गांधीनगर जिले में शुक्रवार शाम मेश्वो नदी में नहाने के दौरान 8 लोगों की डूबकर मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
 
उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) बीबी मोडिया ने बताया कि डूबने से मरने वाले लोग देहगाम तालुका के वसना सोगती गांव के रहने वाले थे। घटना गांव के निकट हुई।
 
तलाश एवं बचाव अभियान की निगरानी करने वाले मोडिया ने बताया कि ग्रामीणों का एक समूह गणेश प्रतिमा विसर्जित करने नदी के समीप आया था। उन लोगों को डूबने की घटना के बारे में पता चला और उन्होंने इस बारे में अधिकारियों को सूचित किया।
 
एसडीएम ने कहा कि एक संदेश मिलने के बाद, पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। हमने नदी से 8 शव निकाले हैं। एक व्यक्ति, जिसे लापता माना जा रहा था, उसे गांव में पाया गया। इसलिए, शाम तक जारी रहे बचाव अभियान को अब बंद कर दिया गया है।
 
उन्होंने कहा कि मृतक स्थानीय लोग थे जो नदी में नहाने आए थे। थोड़ी दूरी पर एक निर्माणाधीन चेक डैम होने के कारण हाल ही में नदी का जल स्तर बढ़ गया था।
Edited by : Vrijendra Singh 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी