चीन : दुनिया का सबसे बड़ा मच्छर मिला

गुरुवार, 26 अप्रैल 2018 (16:20 IST)
पेइचिंग। भले ही आपने कितने भी बड़े मच्छर देखे होंगे लेकिन शायद ऐसा मच्छर नहीं देखा होगा। चीन के सिचुआन प्रांत में कीटवैज्ञानिकों ने बहुत बड़े आकार के मच्छर की खोज की है। इस मच्छर के पंखों का फैलाव 11.15 सेंटीमीटर है। चीन की सरकारी मीजिया शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक यह मच्छर पिछले साल अगस्त में पाया गया था।
 
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम चीन के कीट संग्रहालय के क्यूरेटर चाओ ली ने बताया कि यह मच्छर दुनिया की सबसे लंबी मच्छर प्रजाति ‘हालोरूसिया मिकादो’ से है। सबसे पहले इस प्रजाति को जापान में पाया गया था। 
 
शोधकर्ताओं के मुताबिक सामान्यतः इस प्रजाति के मच्छरों के पंखों का फैलाव 8 सेंटीमीटर तक होता है लेकिन यह नया मच्छर वास्तव में बहुत बड़ा है।
 
इस भीमकाय मच्छर को लेकर वैज्ञानिकों का कहना है कि यह विशालकाय मच्छर खून नहीं पीता है। क्यूरेटर चाओ ली ने बताया, ये मच्छर भले ही खौफनाक दिखते हों लेकिन इंसान का खून नहीं चूसते। इस प्रजाति के वयस्क मच्छरों की उम्र कुछ दिनों की होती है और इनका आहार फूलों के परागकण होते हैं। ली का कहना है कि दुनिया में मच्छरों की हजारों प्रजातियों हैं लेकिन इनमें से महज 100 ही ऐसी होंगी जो इंसानों के लिए समस्या की वजह हों।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी