पेरिस में गैस सिलेंडर ले जा रही कार पकड़ी, दो गिरफ्तार...

गुरुवार, 8 सितम्बर 2016 (08:30 IST)
पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में नोत्रो देम कैथ्रेडेल के निकट कई गैस सिलेंडर ले जा रही कार मिलने के बाद दो संदिग्धों को पकड़ा गया है। इसके आतंकवाद से तार जुड़े होने की आशंका है।
 
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बीते सप्ताहांत गिरजाघर के निकट यह कार खड़ी हुई मिली। कार के मालिक और उसके एक साथी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आतंकवाद निरोधक जांच अधिकारियों ने इस मामले की जांच आरंभ कर दी है।
 
पिछले साल नवंबर में आत्मघाती बम हमलावरों और बंदूकधरियों द्वारा किए गए हमले के बाद से फ्रांस हाई अलर्ट पर है। इस हमले में 130 लोग मारे गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी आईएस ने ली थी।
 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार की पिछली सीट पर एक सिलेंडर पड़ा हुए देखकर गिरजाघर के निकट काम करने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचित किया। कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी।
 
पिछली सीट वाला सिलेंडर खाली पाया गया, लेकिन कार के भीतर पांच और सिलेंडर पाए गए जो खाली नहीं थे। कार में कोई डेटोनेटर नहीं मिला। यह कार गिरजाघर के सामने की एक सड़क के किनारे खड़ी थी। कार के मालिक की पहचान कर ली गई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें