कैलिफोर्निया के स्कूल में गोलीबारी, तीन की मौत

मंगलवार, 11 अप्रैल 2017 (10:09 IST)
सान बर्नार्डिनो। सान बर्नार्डिनो के कैलिफोर्निया शहर के प्राथमिक विद्यालय में एक व्यक्ति ने गोली मारकर एक अध्यापिका और आठ साल के एक बच्चे की हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।
 
पुलिस ने बताया कि इस गोलीबारी में एक अन्य बच्चा भी घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
 
सान बर्नार्डिनो पुलिस विभाग के लेफ्टिनेंट माइक मैडेन ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया, 'यह हत्या और आत्महत्या का मामला लगता है। इसमें एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। हमलावर अपने आप को गोली मारने पर मारा गया।'
 
उन्होंने बताया, 'इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें इलाके के अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।' हालांकि बाद में पुलिस ने इस गोलीबारी में घायल दो बच्चों में से एक आठ वर्षीय जोनाथन मार्टिनेज नामक बच्चे की मौत हो जाने की पुष्टि की।
 
पुलिस ने गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान स्थानीय नागरिक सिडरिक एंडरसन (53) के रूप में की है, जबकि घटना में मारी गई अध्यापिका की पहचान करेन इलेन स्मिथ (53) के तौर पर हुई है। वह गोली चलाने वाले व्यक्ति की पत्नी थी और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें