कतर ले डूबा यूरोपीय संसद की एक महिला उपाध्यक्ष को

राम यादव

सोमवार, 12 दिसंबर 2022 (21:13 IST)
कतर में फुटबॉल के विश्व के आयोजन ने भारतीय उपमहाद्वीप के हजारों गरीब मजदूरों के प्राण तो लिए ही थे, विश्व कप के अंत से ठीक पहले यूरोपीय संसद की एक महिला उपाध्यक्ष का पद भी ले डूबा। वे इस समय पुलिस की हिरासत में हैं। 27 देशों वाले यूरोपीय संघ की बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में स्थित यूरोपीय संसद में इस समय अपूर्व खलबली मची हुई है।
 
शुक्रवार, 9 दिसंबर और रविवार, 11 दिसंबर के बीच पुलिस ने 16 तलाशियां लीं और संसद की 14 में से 1 महिला उपाध्यक्ष ग्रीस (यूनान) की एवा कालिली सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बेल्जियम की न्यायपालिका ने 4 लोगों के विरुद्ध बाकायदा वारंट भी जारी किया था। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि जिन लोगों के विरुद्ध वारंट जारी किया गया है, उनमें यूरोपीय संसद की उपाध्यक्ष एवा कालिली का भी नाम है या नहीं? 
 
यूरोपीय संसद की उपाध्यक्ष एवा कालिली पर बेल्जियम की न्ययपालिका को शक है कि उन्होंने कतर में विश्व कप के आयोजन के पक्ष में पैसा लेकर लॉबियिंग की है। इसके लिए उन्होंने संभवत: रिश्वत ली है, मनी लॉन्ड्रिंग किया है और राजनीतिक निर्णयों को कतर के पक्ष में प्रभावित करने का प्रयास किया है। यूरोपीय मीडिया में भी यही कहा जा रहा है कि कतर ने अपने पक्ष में प्रचार के लिए उन्हें खूब रिश्वत दी है। मीडिया में ऐसे कई वीडियो क्लिप दिखे हैं जिनमें वे कतर में वहां के अधिकारियों से मिलती-जुलती दिखती हैं।
 
कतर की पैरवी की
 
21 नवंबर को यूरोपीय संसद में कालिली यह कहती दिखाई-सुनाई पड़ती हैं कि कतर को अकारण बदनाम किया जा रहा है। वहां फुटबॉल के विश्व कप का आयोजन इस बात का प्रमाण है कि 'खेल की कूटनीति एक ऐसे देश में ऐतिहासिक परिवर्तन ला सकती है जिसके सुधारों से सारी अरबी दुनिया प्रेरणा लेने लगीं है।' उन्होंने दावा किया कि श्रम-कानूनों के मामले में कतर एक अग्रणी देश बन गया है। वे चाहती हैं कि कतर के नागरिकों को यूरोपीय संघ के देशों में आने के लिए वीसा देने के नियमों को उदार बनाया जाए।
 
एवा कालिली को यूरोपीय संसद में उनके पद, दायित्वों और अधिकारों से फिलहाल वंचित कर दिया गया है। संसद की अध्यक्ष रोबेर्ता मेत्सोला ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें पदमुक्त करने का निर्णय पूरी संसद को करना होगा। यूरोपीय संसद के सभी दलों के नेता इस बार में आपसी विचार-विमर्श के लिए सोमवार को मिले।
 
6 लाख यूरो की रिश्वत ली
 
एक खबर के अनुसार कतर ने अपने पक्ष में सही वातावरण बनाने की पैरवी करने के लिए एवा कालिली को 6 लाख यूरो दिए थे। यह भी कहा जा रहा है कि बेल्जियन पुलिस को उनके निवास घर की तलाशी में नोटों भरे कई गठ्ठर मिले हैं। महत्वपूर्ण पदों पर बैठे यूरोपीय संसद के कई दूसरे सदस्यो को भी काफी पैसे और उपहार बांटे गए हैं।
 
44 वर्षीय एवा कालिली ग्रीस की सोशल डेमोक्रैटिक 'पासोक' पार्टी की ओर से यूरोपीय संसद के लिए चुनी गई थीं। 37 साल का उनका जीवनसाथी इटली का फ्रांचेस्को जिओर्जी भी यूरोपीय संसद में विदेश नीति और मानवाधिकारों के एक परामर्शदाता के तौर पर काम कर चुका है। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन अन्य संदिग्ध लोगों की धरपकड़ हुई है, वे भी या तो इतालवी नागरिक हैं या इतालवी उद्भव के बताए जा रहे हैं। माफिया गिरोहों के देश इटली के लोग आपराधिक कामों के लिए पहले से ही बदनाम हैं।
 
प्रतिनिधिमंडल कतर नहीं जाएगा
 
यूरोपीय संसद के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि संसद की विदेश नीति समिति के सांसदों का जो प्रतिनिधिमंडल कतर जाने वाला था, वह अब वहां नहीं जाएगा। उसे 2 सप्ताह बाद कतर और सऊदी अरब जाना था। प्रवक्ता ने कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल अब केवल सऊदी अरब की यात्रा करेगा, कतर नहीं जाएगा।
 
कैसी विडंबना है कि जिस यूरोपीय संघ और उसकी संसद ने बाकी दुनिया में रिश्वतखोरी जैसे भ्रष्टाचार के सभी रूपों की लानत-मलानत करना अपना परम धर्म बना रखा था, उसी पर आज भ्रष्टाचार का कलंक लग गया है। उसे खुद ही नहीं पता था कि उसके अपने ही लोग क्या खिचड़ी पका रहे हैं?
 
Edited by: Ravindra Gupta
 
(इस लेख में व्यक्त विचार/ विश्लेषण लेखक के निजी हैं। इसमें शामिल तथ्य तथा विचार/ विश्लेषण 'वेबदुनिया' के नहीं हैं और 'वेबदुनिया' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेती है।)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी