आतंकी हाफिज सईद पाकिस्तान में नजरबंद

सोमवार, 30 जनवरी 2017 (23:45 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने भारत के मुंबई शहर में वर्ष 2008 में हुए हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद को सोमवार को नजरबंद कर दिया। सईद के संगठन जमात उद दावा के प्रवक्ता नदीम अवान ने यह जानकारी दी है। 
 
मुंबई हमले के बाद अमेरिका और अन्य देशों की ओर से पाकिस्तान सरकार पर सईद के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए लगातार दबाव बनाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है और यह भी माना जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की दिशा में यह एक अच्छा प्रयास हो सकता है।
 
अमेरिका ने सईद के बारे में किसी भी किस्म की जानकारी देने पर एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि जमात उद दावा पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा का एक मंच है जहां से आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है। 
 
नदीम ने बताया, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी हमारे मुख्यालय आए और हमें बताया गया कि हाफिज नजरबंद रहेंगे। पुलिस टीम ने यह भी बताया कि उनके पास सईद और पांच अन्य लोगों की गिरफ्तारी का वारंट है।
 
उसने यह भी कहा कि पाकिस्तान सरकार पर अमेरिका की ओर से लगातार दबाव डाला जा रहा था कि या तो वह सईद के खिलाफ कार्रवाई करे अथवा प्रतिबंधों को भुगतने के लिए तैयार रहे और यह सरकार अमेरिकी दबाव के सामने पूरी तरह झुक गई है। इस बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मामले में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें