ट्रेड वॉर में उतरा अमेरिका, 1,300 चीनी उत्पादों पर लगा अतिरिक्त शुल्क

बुधवार, 4 अप्रैल 2018 (12:17 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका ने बुधवार को चीन से आयात होने वाले उत्पादों की सूची जारी की है जिन पर 25 प्रतिशत की दर से अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है। इससे अमेरिका को 50 अरब डॉलर का राजस्व मिल सकता है।
 
अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि ने कहा कि उत्पादों की यह सूची विभिन्न एजेंसियों के बीच व्यापक आर्थिक विश्लेषण के बाद तैयार की गई है। इसमें चीन के उन उत्पादों को शामिल किया गया है जिन्हें चीन की औद्योगिक योजना से फायदा मिल रहा है। इनका अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर कम से कम असर होगा।
 
इस प्रस्तावित शुल्क में वैमानिकी, सूचना एवं दूरसंचार प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स और मशीनरी जैसे उत्पाद शामिल हैं। जिन उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है उनमें 1,300 के करीब उत्पाद शामिल हैं। इन उत्पादों की सूची को सार्वजिनक तौर पर जारी कर उस पर लोगों से टिप्पणी मांगी जाएगी, आवश्यकता पड़ने पर सुनवाई भी की जाएगी। यह प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि का कार्यालय ऐसे उत्पादों की अंतिम सूची जारी कर देगा जिन पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा।
 
चीन ने मंगलवार को कहा है कि ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत के लिए उसके दरवाजे हर समय खुले हैं लेकिन यदि व्यापार युद्ध शुरू होता है तो वह अंत तक लड़ेगा। चीन की तरफ से यह बयान ऐसे समय दिया गया है, जब उसने अमेरिका की ओर से इस्पात और एल्युमीनियम पर शुल्क लगाने के जवाब में 128 अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क लगाया है। चीन ने अमेरिकी उत्पादों पर करीब 3 अरब डॉलर का शुल्क लगाया है। इनमें मांस, फल तथा कुछ अन्य उत्पाद शामिल हैं।
 
अमेरिका ने चीन के साथ उसके बढ़ते व्यापार घाटे का मुद्दा एक बार फिर उठाया है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि वह चीन के साथ सालाना 500 अरब डॉलर के व्यापार घाटे को बर्दाश्त नहीं कर सकता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी