Donald Trump furious at Putin: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने का दावा करने वाले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर बुरी तरह भड़क गए हैं। पुतिन पर यूक्रेन शांति प्रयासों को रोकने के लिए ट्रंप ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि पुतिन आग से खेल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार और रविवार के बीच रूस ने यूक्रेन पर लगभग 900 ड्रोन दागे हैं।
आग से मत खेलो : मत डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पुतिन आग से खेल रहे हैं। अगर वह (ट्रंप) नहीं होते, तो रूस के लिए वास्तव में बुरी चीजें हो चुकी होतीं। ट्रंप की यह टिप्पणी यूक्रेन पर सबसे बड़े ड्रोन हमले के बाद आई है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अपनी पोस्ट में कहा- पुतिन को यह अहसास नहीं है कि यदि मैं नहीं होता तो रूस के लिए बहुत सी बुरी चीजें पहले ही हो चुकी होतीं। हालांकि ट्रंप ने यह नहीं बताया कि रूस के साथ क्या बुरी चीजें हो सकती हैं।
रूस ने दागे 900 ड्रोन : इस बीच, पिछले कुछ दिनों में तेज हुआ रूसी बमबारी अभियान रातों-रात धीमा पड़ गया, क्योंकि बहुत कम रूसी ड्रोन ने यूक्रेन के छोटे कस्बों और शहरों को निशाना बनाया। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार और रविवार के बीच रूस ने यूक्रेन पर लगभग 900 ड्रोन दागे। अमेरिका के नेतृत्व में कई महीनों से किए जा रहे गहन शांति प्रयासों के बावजूद रूस की ओर से हमलों को रोकने का कोई संकेत नहीं दिया जा रहा है।
रविवार रात 355 ड्रोन दागे : रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल ने तीन साल में पहली बार प्रत्यक्ष वार्ता के लिए इस महीने की शुरुआत में तुर्किए में मुलाकात की थी। बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली ही एकमात्र ठोस परिणाम रहा है, लेकिन वार्ता से कोई महत्वपूर्ण सफलता नहीं मिली है। रूस ने रविवार की रात यूक्रेन के खिलाफ सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया, जिसमें 355 ड्रोन दागे गए। यूक्रेन की वायुसेना ने मंगलवार को बताया कि सोमवार से मंगलवार तक रूस ने यूक्रेन पर 60 ड्रोन दागे। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने 7 रूसी क्षेत्रों में रात भर में यूक्रेन के 99 ड्रोन को मार गिराया। (एजेंसी/वेबदुनिया)